Site icon Bhagwa Sanatan Times

टनकपुर से कैलाश मानसरोवर यात्रा-2025 का शुभारंभ, श्रद्धालुओं का पारंपरिक अंदाज में स्वागत

टनकपुर से कैलाश मानसरोवर यात्रा-2025 का शुभारंभ, श्रद्धालुओं का पारंपरिक अंदाज में स्वागत

चंपावत, 04 जुलाई 2025
देवभूमि उत्तराखंड की आस्था, परंपरा और संस्कृति से सजी कैलाश मानसरोवर यात्रा-2025 की भव्य शुरुआत टनकपुर से हुई। पहले दल के 45 श्रद्धालुओं का पर्यटन आवास गृह, टनकपुर में पारंपरिक रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक उल्लास के साथ भव्य स्वागत किया गया।

 

ढोल-दमाऊ की गूंज, “बम-बम भोले” के जयघोष और छोलिया नृत्य की प्रस्तुति ने पूरे परिसर को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया। पारंपरिक परिधान में सजी बालिकाओं ने तिलक, आरती, पुष्पवर्षा और मालाओं से यात्रियों का अभिनंदन कर यात्रा की पवित्रता को और बढ़ा दिया।

यात्रा के प्रथम दल में 13 महिलाएं और 32 पुरुष शामिल हैं। देश के विभिन्न राज्यों से आए इन श्रद्धालुओं ने टनकपुर में मिले स्वागत और व्यवस्थाओं की खुले दिल से सराहना की। गुजरात के सौम्य पटेल ने इसे “अविस्मरणीय क्षण” बताया, जबकि तमिलनाडु की लेहरी देवी ने इस यात्रा को “अद्भुत आध्यात्मिक अनुभव” कहा।

रात्रि में यात्रियों को उत्तराखंड की लोकसंस्कृति से भी परिचित कराया जाएगा, जिसमें पारंपरिक गीत और नृत्य प्रस्तुत किए जाएंगे। यह सांस्कृतिक आयोजन श्रद्धालुओं के लिए एक यादगार अनुभव सिद्ध होगा।

 

 

गौरतलब है कि कोविड महामारी के कारण 2019 से स्थगित कैलाश मानसरोवर यात्रा इस वर्ष पुनः आरंभ हो रही है। 5 जुलाई को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पहले दल को विधिवत रूप से रवाना करेंगे।

 

इस स्वागत समारोह में प्रबंध निदेशक केएमवीएन विनीत तोमर, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, जीएम कुमाऊं मंडल विकास निगम विजय नाथ शुक्ल, एसडीएम टनकपुर आकाश जोशी, मुख्यमंत्री प्रतिनिधि दीपक रजवार, नगर पंचायत बनबसा अध्यक्ष रेखा देवी एवं अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

 

Exit mobile version