Site icon Bhagwa Sanatan Times

जिला प्रेस क्लब हरिद्वार की बैठक सम्पन्न,पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना बेहद जरूरी:राकेश वालिया

हरिद्वार:(जीशान मलिक)हरिद्वार में जिला प्रेस क्लब हरिद्वार (रजि.) की एक महत्वपूर्ण मासिक बैठक का आयोजन किया गया।जिसमें पत्रकार हितों और संगठन की आगामी रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी 30 मई को ‘पत्रकारिता दिवस’ के अवसर पर एक भव्य व विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकारों को सम्मानित करने के साथ-साथ पत्रकारिता से जुड़े समसामयिक मुद्दों और सामाजिक सरोकारों पर गंभीर विमर्श होगा।

“शोषण और उत्पीड़न पर जताई चिंता”

बैठक के दौरान फील्ड में काम कर रहे पत्रकारों के साथ आए दिन होने वाले उत्पीड़न, शोषण और अभद्र व्यवहार के मामलों पर गहरा रोष और चिंता व्यक्त की गई।इस आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए जिला प्रेस क्लब हरिद्वार के अध्यक्ष राकेश वालिया ने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में समाज को दिशा दिखाने वाले पत्रकारों की सुरक्षा और उनका सम्मान सर्वोपरि है। इसके बिना स्वतंत्र पत्रकारिता संभव नहीं है।

अध्यक्ष राकेश वालिया ने सरकार से पुरजोर मांग की कि प्रदेश में जल्द से जल्द ‘पत्रकार सुरक्षा आयोग’ का गठन किया जाए।ताकि पत्रकारों की समस्याओं का त्वरित व प्रभावी समाधान हो सके और उन्हें भयमुक्त व सुरक्षित वातावरण मिल सके। बैठक में मौजूद सभी पत्रकारों ने अपनी एकता को मजबूत करने और एकजुट होकर संघर्ष करने का संकल्प लिया।

“पूर्व सीएम खंडूड़ी को दी भावभीनी श्रद्धांजलि”

बैठक में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) भुवनचंद्र खंडूड़ी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया गया। उपस्थित पत्रकारों व पदाधिकारियों ने राज्य निर्माण और उसके विकास में खंडूड़ी के अविस्मरणीय योगदान को याद किया। इसके बाद सभी सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।

इस अवसर पर मुख्य रूप से जिला प्रेस क्लब के महामंत्री अनिल बिष्ट, मुमताज आलम खान, राकेश वर्मा, सुमित वर्मा, त्रिवेश जयमनी, अशोक पांडे, मोहन राजा, सनोज कश्यप, नईम कुरैशी, रोहित वर्मा, सद्दाम हुसैन, गणेश भट्ट, सर्वेंद्र कुमार, दीपक झा, भानू पाण्डेय, फुरकान अंसारी, मनव्वर कुरैशी और मनोज कश्यप सहित प्रेस क्लब के तमाम पदाधिकारी व सदस्य पत्रकार उपस्थित रहे।

Exit mobile version