Site icon Bhagwa Sanatan Times

जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए जल संरक्षण और कम पानी वाली खेती पर जोर, राज्य स्तरीय संगोष्ठी आयोजित

हरिद्वार:(जीशान मलिक) विलेज डेवलपमेंट सोसाइटी द्वारा उत्तराखंड राज्य विज्ञान प्रौद्योगिकी परिषद, देहरादून के सहयोग से ‘जलवायु परिवर्तन न्यूनीकरण और आपदा प्रतिरोधी आजीविका मॉडल’ विषय पर राज्य स्तरीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया।इस आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. आर. के. गुप्ता, विभागाध्यक्ष, ग्रामीण प्रबंधन संकाय, देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार ने कहा कि जलवायु परिवर्तन के जोखिमों को कम करने के लिए जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, जलवायु अनुकूल कृषि, कम कार्बन उत्सर्जन वाली कृषि पद्धतियों तथा प्राकृतिक आपदाओं से सुरक्षित आजीविका के मॉडल अपनाने की आवश्यकता है।कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत, सरस्वती वंदना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।

विलेज डेवलपमेंट सोसाइटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं सचिव राज बहादुर सैनी ने कहा कि जलवायु परिवर्तन के कारण आज जल, जंगल, जमीन, वायु सभी कुछ प्रभावित हो गया है। हम और हमारे पशुधन, जीव-जंतु सभी बीमार हो चुके हैं। अनेक आपदाओं के कारण आजीविका प्रभावित हो रही है। उन्होंने विशेषज्ञों से उत्तराखंड के परिप्रेक्ष्य में आपदा प्रतिरोधी आजीविका मॉडल प्रस्तुत करने की अपेक्षा की।इको सुरक्षा, नोएडा के निदेशक डॉ. प्रमोद कुमार ने कहा कि आजादी के बाद जैसे-जैसे हम विकासशील देश बनते जा रहे हैं, आपदाओं का क्रम तेजी से बढ़ने लगा है। आपदाओं से मानव जीवन, पशुधन, जीव-जंतु, जंगल सभी प्रभावित होते हैं। आपदाओं को रोकने के लिए जल संरक्षण, स्वच्छ वायु, स्वच्छ जंगल और स्वच्छ धरती का संरक्षण सबसे जरूरी है।”हिमाद” चमोली के निदेशक एवं गढ़वाल विश्वविद्यालय के विजिटिंग प्रोफेसर डॉ. दर्शन सिंह पुंडीर ने कहा कि अत्यधिक वर्षा, बादल फटने, भूस्खलन और अन्य चरम मौसमी घटनाओं से आजीविका प्रभावित हो रही है। उत्तराखंड जैसे हिमालयी राज्य में संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान और स्थानीय स्तर पर जोखिम आकलन कर तैयारी की रणनीति बनाने की आवश्यकता है।

पतंजलि अनुसंधान संस्थान, हरिद्वार की वैज्ञानिक डॉ. भावना दहिया ने कहा कि आईसीएआर के अनुसार बाजरा जैसी फसलें लगभग 350 मिमी पानी में उगाई जा सकती हैं, जबकि धान के लिए लगभग 1200 मिमी पानी की आवश्यकता पड़ती है। कोणी, झंगोरा, चौलाई, मंडुवा, भट्ट जैसे उत्पाद बहुत कम पानी में होते हैं और पोषक तत्वों से भरपूर हैं। उत्तराखंड में मंडुवा, झंगोरा और अन्य पारंपरिक फसलों को बढ़ावा देना किसानों की जलवायु अनुकूलन क्षमता और पोषण सुरक्षा के लिए उपयोगी होगा।निदेशक, CARD, पिथौरागढ़ सुभाष पंगारिया ने कहा कि प्राकृतिक जल स्रोतों, पारंपरिक नौलों-नालों, धारों, वन संरक्षण और वनाग्नि के मुद्दे मानव आजीविका के लिए संकट बन गए हैं। जलागम संरक्षण, वर्षा जल संचयन और जन सामुदायिक भागीदारी पर जोर दिया गया।

मौसम विभाग, आईआईटी रुड़की के रिसर्च स्कॉलर रोहताश सिंह ने विविधीकृत आजीविका अपनाने तथा समय पर मौसम पूर्व जानकारी और चेतावनी उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने गांव-गांव मौसम जागरूकता मित्र बनाने की योजना के बारे में भी जानकारी दी।जिला विकास प्रबंधक, नाबार्ड अखिलेश डबराल ने कहा कि नाबार्ड वॉटरशेड डेवलपमेंट, सॉइल इम्प्रूवमेंट, वेस्ट मैनेजमेंट, पॉलीहाउस योजना, माइनर इरिगेशन, पशुपालन एवं डेयरी विकास, एफपीओ विकास संबंधी योजनाएं संचालित करता है।इसके अलावा डॉ. देवेंद्र सिंह रावत, डॉ. करण सिंह, इंजीनियर सहदेव सिंह, डॉ. सी. एम. शुक्ला, स्वास्तिक शर्मा, डॉ. सुरेंद्र कौर सहित अन्य विशेषज्ञों ने भी अपने विचार रखे।कार्यक्रम में लगभग डेढ़ दर्जन एसएचजी पदाधिकारी, क्लस्टर सखी, डेढ़ दर्जन एफपीओ सदस्य, जागरूक किसान, प्रदेश भर से सेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि सहित कुल 85 प्रतिभागियों ने भाग लिया।

Exit mobile version