Site icon Bhagwa Sanatan Times

चारधाम यात्रा की तैयारियों का डीजीपी ने लिया जायजा, श्री बद्रीनाथ धाम में किया स्थलीय निरीक्षण….

बद्रीनाथ:(मनन ढींगरा)चारधाम यात्रा के प्रमुख पड़ावों में से एक श्री बद्रीनाथ धाम के कपाट आगामी 4 मई को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। इस महत्वपूर्ण धार्मिक अवसर से पूर्व, उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने आज धाम पहुंचकर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया।

डीजीपी के साथ अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था)वी. मुरूगेशन भी मौजूद रहे। बद्रीनाथ धाम आगमन पर डीजीपी को सलामी गारद द्वारा सम्मानित किया गया, जिसके पश्चात उन्होंने यात्रा मार्ग, भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण, संचार सुविधाएं और सुरक्षा प्रबंधों का गहन निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान डीजीपी सेठ ने तैनात पुलिस बल और आईटीबीपी जवानों से सीधा संवाद किया, उनका मनोबल बढ़ाया और तीर्थयात्रियों की सेवा में पूरी निष्ठा और सजगता के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से अधिकारियों को बुजुर्ग, दिव्यांग और बीमार श्रद्धालुओं के लिए विशेष प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

डीजीपी ने कहा कि श्रद्धालुओं को “अतिथि देवो भव” की भावना के साथ सेवा प्रदान की जाए और सुनिश्चित किया जाए कि वे सुगमता से दर्शन कर सकें। उन्होंने सभी व्यवस्थाओं को युद्धस्तर पर पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि राज्य की सकारात्मक छवि बनाए रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है।

निरीक्षण के दौरान उनके साथ पुलिस अधीक्षक चमोली सर्वेश पंवार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। यात्रा की सफलता और तीर्थयात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।

Exit mobile version