Site icon Bhagwa Sanatan Times

बदरीनाथ-केदारनाथ यात्रा को और भव्य बनाएंगे, 45 अन्य मंदिरों की व्यवस्था भी सुदृढ़ होगी: हेमंत द्विवेदी

बदरीनाथ-केदारनाथ यात्रा को और भव्य बनाएंगे, 45 अन्य मंदिरों की व्यवस्था भी सुदृढ़ होगी: हेमंत द्विवेदी

25 मई, बदरीनाथ/केदारनाथ

बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने रविवार को श्री बदरीनाथ एवं श्री केदारनाथ धाम में यात्रा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और कहा कि इस पवित्र यात्रा को भव्यता और भक्तिभाव से संपन्न कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि मंदिर समिति और उत्तराखंड सरकार यात्रा को सुगम, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए कटिबद्ध है।

हेमंत द्विवेदी ने जानकारी दी कि बीकेटीसी से जुड़े 45 अन्य मंदिरों की यात्रा व्यवस्थाओं को भी बेहतर किया जाएगा, ताकि श्रद्धालु बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री की ही तरह अन्य पवित्र धामों तक भी पहुंच सकें।

अहिल्या बाई होल्कर को दी श्रद्धांजलि

बीकेटीसी अध्यक्ष ने बदरीनाथ के सिंहद्वार निर्माण में महारानी अहिल्या बाई होल्कर के योगदान को स्मरण करते हुए उनके प्रति कृतज्ञता प्रकट की। त्रिशताब्दी वर्ष के अवसर पर उन्होंने इसे अहिल्या बाई की प्रभु सेवा का अनुपम उदाहरण बताया।

तीर्थयात्रियों की बढ़ती संख्या

द्विवेदी ने बताया कि अब तक 9 लाख से अधिक श्रद्धालु श्री बदरीनाथ एवं केदारनाथ धाम के दर्शन कर चुके हैं, जिनमें से करीब 3.5 लाख ने बदरीनाथ और 5.5 लाख से अधिक ने केदारनाथ धाम की यात्रा की है।

व्यवस्थाओं की समीक्षा और तीर्थयात्रियों से संवाद

बदरीनाथ में बीकेटीसी अध्यक्ष ने मंदिर समिति, पुलिस प्रशासन और आईटीबीपी अधिकारियों के साथ बैठक कर यात्रा की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। केदारनाथ धाम में भी उन्होंने श्रद्धालुओं से संवाद किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल और मुख्य प्रभारी अधिकारी अनिल ध्यानी भी उपस्थित रहे।

भक्ति और सौभाग्य का दिन

हेमंत द्विवेदी ने हेमकुंड साहिब लोकपाल तीर्थ के कपाट खुलने के अवसर को भी सौभाग्य का दिन बताया। बदरीनाथ धाम पहुंचने के बाद उन्होंने भगवान श्री बदरीविशाल और माता लक्ष्मी मंदिर में दर्शन किए। डिमरी पुजारीगणों द्वारा उन्हें शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। बाद में उन्होंने रावल अमरनाथ नंबूदरी से आशीर्वाद लिया और लोक कल्याण के लिए हवन में भी भाग लिया।

बीकेटीसी अध्यक्ष ने भरोसा दिलाया कि तीर्थयात्रियों को हरसंभव सुविधा प्रदान की जाएगी ताकि वे प्रभु के दर्शन सुखपूर्वक कर सकें।

Exit mobile version