
चमोली:(जीशान मलिक) दीपावली के पावन अवसर पर चमोली पुलिस ने खाकी का मानवीय चेहरा पेश करते हुए वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया और जरूरतमंद परिवारों एवं बच्चों के बीच मिठाइयां वितरित कर दीपावली की खुशियां साझा कीं।
इस दौरान पुलिस कर्मियों ने वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों से मुलाकात की, उनका हालचाल जाना और उन्हें मिठाई व फल भेंट किए। बुजुर्गों ने भी पुलिस जवानों को आशीर्वाद देते हुए दीपावली की शुभकामनाएं दीं।वहीं जरूरतमंद परिवारों एवं बच्चों के बीच भी मिठाइयां बांटी गईं। बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। पुलिस के इस प्रयास से दीपावली का पर्व और भी खास बन गया।
चमोली पुलिस का कहना है कि खाकी का संकल्प – सुरक्षा के साथ सेवा और अपनत्व है। पुलिस सिर्फ कानून व्यवस्था ही नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग के साथ खड़े होकर त्योहारों की खुशियां बांटने के लिए भी प्रतिबद्ध है।

