Site icon Bhagwa Sanatan Times

गंगा किनारे होटल में SDRF की ट्रेनिंग, कर्मचारियों को सिखाए आपदा से बचाव के गुर

ऋषिकेश:(जीशान मलिक) शिवपुरी स्थित होटल आनंद काशी में बुधवार को SDRF पोस्ट ढालवाला की टीम ने होटल कर्मचारियों को आपदा प्रबंधन एवं बचाव का प्रशिक्षण दिया। इस दौरान कर्मचारियों को प्राथमिक उपचार, CPR, आग लगने, भूकंप, चोकिंग तथा नदी हादसों जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में तत्काल उठाए जाने वाले कदमों की जानकारी दी गई।प्रशिक्षण के दौरान SDRF टीम ने कर्मचारियों को प्राथमिक उपचार एवं CPR की प्रक्रिया समझाने के साथ ही घायल व्यक्ति को सुरक्षित तरीके से स्थानांतरित करने और लिफ्टिंग के बारे में जानकारी दी। आग लगने की स्थिति में होटल में मौजूद मेहमानों एवं कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकालने, सुरक्षित मार्ग का चयन करने तथा अग्निशमन उपकरणों के सही उपयोग का प्रशिक्षण भी दिया गया।

होटल के गंगा नदी के समीप स्थित होने के कारण प्रशिक्षण में जल सुरक्षा को विशेष महत्व दिया गया। SDRF टीम ने कर्मचारियों को गंगा के तेज बहाव, गहरे पानी और अचानक बढ़ते जलस्तर से होने वाले खतरों के प्रति जागरूक किया। पर्यटकों को नदी किनारे अनावश्यक जोखिम न लेने तथा चेतावनी वाले स्थानों से दूर रहने के लिए जागरूक करने पर भी जोर दिया गया।टीम ने बताया कि नदी में किसी व्यक्ति के बहने या डूबने की स्थिति में बिना सुरक्षा उपकरणों के स्वयं पानी में उतरकर बचाव का प्रयास नहीं करना चाहिए। ऐसी स्थिति में तत्काल पुलिस या SDRF को सूचना देने के साथ सुरक्षित स्थान से सहायता उपलब्ध कराने और उपलब्ध बचाव संसाधनों का प्रयोग करने की सलाह दी गई।इसके अलावा कर्मचारियों को भूकंप के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों, गले में भोजन या कोई अन्य वस्तु फंसने की स्थिति में प्राथमिक सहायता तथा आपदा के दौरान घबराने के बजाय संयम बनाए रखते हुए राहत एवं बचाव कार्य करने के तरीके बताए गए। SDRF टीम ने विभिन्न रेस्क्यू उपकरणों की उपयोगिता और उनके सही इस्तेमाल की जानकारी भी दी।प्रशिक्षण में होटल कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी की और आपातकालीन परिस्थितियों से जुड़े विभिन्न पहलुओं को समझा। इस दौरान होटल मैनेजर विपुल चौधरी एवं सिक्योरिटी इंचार्ज मनीष कुमार मौजूद रहे।

SDRF टीम ने कहा कि आपदा के समय सही जानकारी, त्वरित निर्णय और प्राथमिक बचाव कौशल किसी व्यक्ति का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। इसी उद्देश्य से होटल, स्कूल और विभिन्न संस्थानों में जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।प्रशिक्षण देने वाली टीम में एसआई सुरेंद्र सिंह, सुमित नेगी, पंकज सिंह और राहुल कुमार शामिल रहे।

Exit mobile version