
हरिद्वार:(जीशान मलिक) आगामी कुंभ मेले के मद्देनजर श्रद्धालुओं और आमजन की सुरक्षा को लेकर एसडीआरएफ ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंगलवार को सशस्त्र प्रशिक्षण केंद्र (ATC), हरिद्वार में 294 प्रशिक्षुओं को आपदा प्रबंधन, रेस्क्यू तकनीक और प्राथमिक चिकित्सा का प्रशिक्षण दिया गया।प्रशिक्षण के दौरान एसडीआरएफ के विशेषज्ञ प्रशिक्षकों ने प्रशिक्षुओं को विभिन्न प्रकार की आपदाओं और आकस्मिक परिस्थितियों में सुरक्षित एवं प्रभावी तरीके से कार्य करने के महत्वपूर्ण गुर सिखाए। प्रशिक्षुओं को आपदा के समय त्वरित प्रतिक्रिया, रेस्क्यू प्रक्रिया, भीड़ प्रबंधन तथा आपातकालीन परिस्थितियों में बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्राथमिक चिकित्सा पर विशेष जोर दिया गया। प्रशिक्षुओं को घायल अथवा बीमार व्यक्ति को तत्काल प्राथमिक उपचार देने, रक्तस्राव रोकने, बेहोशी की स्थिति में आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने तथा घायल व्यक्ति को सुरक्षित तरीके से अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।एसडीआरएफ प्रशिक्षकों ने बताया कि बड़े धार्मिक आयोजनों के दौरान भारी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी रहती है। ऐसे में किसी भी आपदा, दुर्घटना या आकस्मिक घटना की स्थिति में प्रशिक्षित मानव संसाधन की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण हो जाती है। मौके पर शुरुआती स्तर पर सही निर्णय और प्राथमिक सहायता कई बार किसी व्यक्ति की जान बचाने में अहम साबित हो सकती है।
कुंभ मेले जैसे विशाल आयोजन को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए एसडीआरएफ द्वारा विभिन्न विभागों एवं प्रशिक्षण संस्थानों के कार्मिकों को लगातार आपदा प्रबंधन और प्राथमिक चिकित्सा का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।एसडीआरएफ का उद्देश्य है कि कुंभ मेले के दौरान किसी भी आपात स्थिति में संबंधित कार्मिक त्वरित प्रतिक्रिया, प्रभावी रेस्क्यू और प्राथमिक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने में पूरी तरह सक्षम हों, जिससे श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके।

