Site icon Bhagwa Sanatan Times

कांवड़ यात्रा के दौरान ईंधन और गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित, पेट्रोल पंप 24×7 और रविवार को भी खुलेंगी गैस एजेंसियां

देहरादून:(जीशान मलिक) कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए जिला प्रशासन ने ईंधन और रसोई गैस की आपूर्ति को लेकर कड़े इंतजाम किए हैं। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देशों के अनुपालन में जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल की अध्यक्षता में ऋषिकेश क्षेत्र के सभी पेट्रोल पंप और गैस एजेंसी संचालकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में डीएसओ के.के. अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि यात्रा अवधि में ईंधन और एलपीजी की आपूर्ति किसी भी स्थिति में बाधित नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी गैस एजेंसियों को घरेलू और व्यावसायिक सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक रखने और समयबद्ध डिलीवरी करने के निर्देश दिए गए।उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान रविवार को भी सभी गैस एजेंसियां अनिवार्य रूप से खुली रहेंगी, ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय उपभोक्ताओं को परेशानी न हो।

सुरक्षा के मद्देनजर निर्देश दिए गए कि गैस वितरण में लगे सभी लोडर वाहनों पर एजेंसी का नाम और फ्लैक्सी/बैनर लगा हो। हर वाहन में फायर एक्सटिंग्विशर और तौलने का कांटा अनिवार्य होगा। साथ ही सभी डिलीवरी कर्मियों के पास यूनिफॉर्म और पहचान पत्र होना जरूरी किया गया है।पेट्रोल पंप संचालकों को भी निर्देश दिए गए कि यात्रा भर पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक रखें और सभी पंप 24×7 संचालित किए जाएं, जिससे श्रद्धालुओं, आपातकालीन सेवाओं और आम नागरिकों को ईंधन तुरंत मिल सके।

बैठक में संचालकों ने सुझाव दिया कि ईंधन और गैस के टैंकरों के निर्बाध आवागमन के लिए रोजाना रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक मार्ग खुला रखा जाए, ताकि आपूर्ति समय पर विभिन्न केंद्रों तक पहुंच सके।बैठक में वरिष्ठ पूर्ति निरीक्षक सुनील देवली, संजीव कुमार गोयल, अनिरुद्ध गोयल, अशोक जैन, सुनील अग्रवाल, नवनीत नागलिया, दिवंबर प्रसाद लखेड़ा, मुकुल दलाल, कमल सिंह सहित कई व्यवसायी और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Exit mobile version