हरिद्वार:(जीशान मलिक) कांवड़ मेला-2026 में शिवभक्तों का सैलाब लगातार बढ़ता जा रहा है। मेला कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के मुताबिक मेले के छठे दिन मंगलवार को अकेले 34 लाख 15 हजार शिवभक्त हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए।पुलिस कंट्रोल रूम के आंकड़ों के अनुसार यात्रा शुरू होने से अब तक कुल 1 करोड़ 43 लाख 25 हजार कांवड़िये गंगाजल लेकर विभिन्न राज्यों को जा चुके हैं।
भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं को और पुख्ता कर दिया है। प्रमुख स्नान घाटों, कांवड़ मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य और स्वच्छता की विशेष निगरानी की जा रही है। विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी लगातार ड्यूटी पर तैनात हैं ताकि यात्रा सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुचारु बनी रहे।जिला प्रशासन ने सभी शिवभक्तों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करें, प्रशासन-पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और स्वच्छ एवं सुरक्षित कांवड़ यात्रा के संचालन में सहयोग करें।अधिकारियों का कहना है कि श्रद्धालुओं की संख्या अभी और बढ़ने की संभावना है, जिसके लिए अतिरिक्त व्यवस्थाएं भी की जा रही हैं।

