Site icon Bhagwa Sanatan Times

कांवड़ यात्रा में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए गंगा किनारे 24 घंटे तैनात बीईजी के गोताखोर

हरिद्वार:(जीशान मलिक) कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों शिवभक्तों की सुरक्षा के लिए जिला प्रशासन ने इस बार अभूतपूर्व इंतजाम किए हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के नेतृत्व में गंगा के संवेदनशील घाटों पर बीईजी रुड़की के प्रशिक्षित गोताखोरों की दो टीमें 24 घंटे मुस्तैद हैं।आपदा प्रबंधन अधिकारी एवं प्रभारी कांवड़ कंट्रोल रूम मीरा रावत के समन्वयन में तैनात इन टीमों में बंगाल इंजीनियर ग्रुप रुड़की के जवान शामिल हैं। गंगा के तेज बहाव और भारी भीड़ को देखते हुए एक टीम को हरिद्वार के हाथी पुल क्षेत्र में और दूसरी टीम को रुड़की के सोलानी पार्क के पास तैनात किया गया है।

 

टीम का नेतृत्व सूबेदार कुलविंदर सिंह कर रहे हैं। ये गोताखोर कांवड़ कंट्रोल रूम के साथ लगातार संपर्क में रहकर किसी भी आपात स्थिति में तुरंत राहत और बचाव कार्य के लिए तैयार हैं। प्रशासन का कहना है कि उनकी सतर्कता और अनुशासित कार्यशैली की वजह से हजारों श्रद्धालु सुरक्षित रूप से गंगास्नान कर गंगाजल भर पा रहे हैं।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि जिला प्रशासन, पुलिस और सेना के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया गया है ताकि कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जा सके। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नियमित मॉनिटरिंग की बात कही।बीईजी रुड़की के जवानों की निस्वार्थ सेवा और कर्तव्यनिष्ठा इस महापर्व में सेवा भावना का उदाहरण बन गई है। गंगा घाटों पर उनकी निरंतर मौजूदगी श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षा और विश्वास का आधार बनी हुई है।फिलहाल प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे स्नान के दौरान सुरक्षा निर्देशों का पालन करें और गोताखोरों व पुलिसकर्मियों का सहयोग करें।

Exit mobile version