पिरान कलियर:(जीशान मलिक) कोतवाली पिरान कलियर पुलिस ने ऑपरेशन स्माइल के तहत गुमशुदा 10 वर्षीय बालिका को सकुशल बरामद कर उसके माता-पिता को सौंप दिया। बेटी को देखते ही मां के चेहरे पर मुस्कान लौट आई।मुकर्रबपुर निवासी हारुन पुत्र मुख्तियार अहमद ने 4 नवंबर की रात थाने में सूचना दी कि उनकी 10 वर्षीय पुत्री घर से बिना बताए कहीं चली गई है। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चल पाया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने दरगाह क्षेत्र सहित आसपास के इलाकों में लाउडस्पीकर से प्रचार-प्रसार कराया। परिजनों द्वारा दिए गए फोटो के आधार पर इमली रोड, धनौरी रोड, सोहलपुर रोड के सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई। पूरी रात परिजन और पुलिस बच्ची की तलाश में जुटे रहे।सुबह सर्चिंग के दौरान पुलिस टीम को एक बालिका बेड़पुर के पास अकेली घूमती हुई मिली। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बच्ची को संरक्षण में लेकर कोतवाली लाया और चाइल्ड वेलफेयर टीम के समक्ष प्रस्तुत कर पूछताछ की। इसके बाद परिजनों को सूचित कर कोतवाली बुलाया गया और बालिका को सकुशल माता-पिता के सुपुर्द किया गया।पुलिस की इस तत्परता से बालिका गलत हाथों में जाने से बच गई। इस सराहनीय कार्य के लिए परिजनों ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
पुलिस टीम में शामिल प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी, वरिष्ठ उप निरीक्षक रमेश कुमार सैनी, उप निरीक्षक अमित नौटियाल, हेड कांस्टेबल सुबोध कुमार और कांस्टेबल प्रकाश मनराल शामिल रहे।


