Site icon Bhagwa Sanatan Times

Aiims Rishikesh में स्वच्छता पखवाड़े के तहत जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

Aiims Rishikesh में स्वच्छता पखवाड़े के तहत जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

ऋषिकेश,मनन ढींगरा 5 अप्रैल

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ऋषिकेश में इन दिनों स्वच्छता पखवाड़ा धूमधाम से मनाया जा रहा है। केंद्र सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के तहत आयोजित इस अभियान का उद्देश्य आमजन में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

एम्स प्रशासन द्वारा पखवाड़े के तहत संस्थान परिसर में विभिन्न जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें रोगियों, उनके परिजनों और संस्थान के स्टाफ को स्वच्छता के महत्व की जानकारी दी गई और उन्हें साफ-सफाई बनाए रखने की शपथ दिलाई गई।

संस्थान की कार्यकारी निदेशक प्रो. मीनू सिंह ने हेल्थ केयर वर्करों को संबोधित करते हुए कहा, “स्वच्छ भारत की संकल्पना तभी साकार होगी जब हम व्यक्तिगत स्तर पर स्वच्छता को अपनाएंगे। निरोगी जीवन के लिए स्वच्छता अत्यंत आवश्यक है।”

चिकित्सा अधीक्षक प्रो. सत्य श्री ने कहा कि स्वच्छता को केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि मिशन की तरह अपनाना चाहिए। उन्होंने चिकित्सा क्षेत्र सहित सभी क्षेत्रों में स्वच्छता को अभियान के रूप में चलाने की आवश्यकता पर बल दिया।

स्वच्छता अभियान की समन्वयक डॉ. पूजा भदौरिया ने कहा कि स्वच्छता की शुरुआत हमें स्वयं से करनी होगी और इस अभियान में सभी की भागीदारी जरूरी है।

पखवाड़े के अंतर्गत संस्थान के विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़ नाटकों, विशेष स्वच्छता अभियानों, पोस्टर और वॉल पेंटिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। अभियान में डॉक्टर्स, नर्सिंग स्टाफ, हेल्थ केयर वर्कर्स, तकनीशियन, स्वच्छता टीम, संक्रमण नियंत्रण टीम, डायटीशियन समेत कई विभागों ने भाग लिया।

इस अवसर पर डीएमएस डॉ. भारत भूषण, डॉ. रवि कुमार, मुख्य नर्सिंग अधिकारी रीटा शर्मा, विभिन्न विभागों के डीएनएस, एएनएस और नर्सिंग अधिकारी सहित कई अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Exit mobile version