Site icon Bhagwa Sanatan Times

एक सड़क, कई भुगतान: अकोढ़ा खुर्द में करोड़ों का फर्जीवाड़ा, DM मयूर दीक्षित ने प्रधान को पद से हटाया

लक्सर:(जीशान मलिक) लक्सर ब्लॉक की ग्राम पंचायत अकोढ़ा खुर्द में विकास कार्यों के नाम पर हुए करोड़ों के घोटाले में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बड़ी कार्रवाई की है। सीसी सड़क निर्माण में घटिया सामग्री और फर्जी भुगतान के आरोप सही पाए जाने पर DM ने ग्राम प्रधान बसंती देवी को तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया है। साथ ही ग्राम पंचायत विकास अधिकारी शंकरदीप समेत कई अधिकारियों की भूमिका संदिग्ध मिलने पर जांच और वसूली के आदेश दिए गए हैं।मामला अकोढ़ा खुर्द की कश्यप बस्ती में बनी सीसी सड़क से शुरू हुआ। घटिया सामग्री की शिकायत पर सहायक जिला पंचायत राज अधिकारी की रिपोर्ट के बाद मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को जांच सौंपी गई। जांच में सामने आया कि एक ही सड़क को अलग-अलग दिखाकर कई बार भुगतान ले लिया गया। सड़क किनारे बनी नालियों में तकनीकी खामियां थीं और निर्माण बिना स्वीकृत मानकों के किया गया।

जांच में सबसे चौंकाने वाली बात ये रही कि ग्राम पंचायत के 2022-23 और 2023-24 के बैंक पासबुक, कैशबुक, स्टॉक रजिस्टर और कार्य पंजिका तक गायब मिले। ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर 2023-24 में काम दिखाकर भुगतान बाद के सालों में किया गया। कई सड़कें निजी लोगों को फायदा पहुंचाने के लिए उनकी जमीन या घर तक बनाई गईं, जो नियमों के खिलाफ है।जांच रिपोर्ट में ग्राम प्रधान बसंती देवी को प्रथम दृष्टया दोषी पाया गया। नोटिस पर दिया गया उनका स्पष्टीकरण असंतोषजनक रहा और वो आरोपों का खंडन नहीं कर पाईं। ग्राम निधि के दुरुपयोग और योजनाओं में धांधली साफ साबित हुई।

उत्तराखंड पंचायतीराज अधिनियम 2016 की धारा-138(1) के तहत कार्रवाई करते हुए DM मयूर दीक्षित ने बसंती देवी को पद से हटाने के आदेश जारी कर दिए। साथ ही वित्तीय अनियमितता की रकम की वसूली के आदेश भी दिए गए हैं। ग्राम पंचायत विकास अधिकारी शंकरदीप की अभिलेखों में लापरवाही और अन्य अधिकारियों की निर्माण में निगरानी न करने की भूमिका पर भी कार्रवाई होगी। जिलाधिकारी ने दो टूक कहा, “जनपद में विकास कार्यों में लापरवाही, अनियमितता या भ्रष्टाचार को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिसने भी जनता का पैसा खाया है, उससे पाई-पाई वसूली जाएगी।”

Exit mobile version