
ऋषिकेश:(जीशान मलिक) मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऋषिकेश के चन्द्रेश्वरनगर में देवभूमि रजत जयंती पार्कों एवं विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।मुख्यमंत्री ने देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और उत्तरकाशी के 9 नगर निकायों में बने देवभूमि रजत जयंती पार्क जनता को समर्पित किए। साथ ही देहरादून जनपद में 36 करोड़ रुपये से अधिक की 7 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया।इस मौके पर मुख्यमंत्री ने स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 8 कूड़ा संग्रहण वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रजत जयंती की स्मृतियां सिर्फ समारोहों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि विकास के रूप में धरातल पर दिखनी चाहिए। इसी सोच के साथ शहरों में ये पार्क बनाए गए हैं।उन्होंने कहा कि जिन जगहों पर पहले कूड़े के ढेर और झाड़ियां होती थीं, आज वहां हरे-भरे पार्क बन रहे हैं। ये पार्क बच्चों के खेलने, बुजुर्गों के टहलने और युवाओं के योग-व्यायाम के काम आएंगे।मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के सभी 108 नगर निकाय खुले में शौच से मुक्त हो चुके हैं। ऋषिकेश और हरिद्वार को वाटर प्लस प्रमाणन मिला है। शहरों में 90 प्रतिशत से ज्यादा कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण हो रहा है।
उन्होंने बताया कि रुद्रपुर और मसूरी में कचरे से बायोगैस बनाई जा रही है। चारधाम यात्रा मार्गों पर 60 हजार किलो से ज्यादा प्लास्टिक वापस इकट्ठा किया गया है।मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले पांच सालों में 35 हजार से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 50 हजार से ज्यादा परिवारों को पक्के मकान मिल चुके हैं।कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, विधायक प्रेमचंद अग्रवाल, महापौर शंभू पासवान सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

