Site icon Bhagwa Sanatan Times

ऋषिकेश में समाजसेवी एकांत गोयल के समर्थन में उमड़े क्षेत्रवासी, संगठनात्मक न्याय की मांग

ऋषिकेश:(भगवा सनातन टाइम्स संवाददाता) गंगानगर क्षेत्र के बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी और समाजसेवी समाजसेवी एकांत गोयल के निवास पर पहुंचे। एकांत गोयल गंगानगर वार्ड में भारतीय जनता पार्टी का पहली बार विजय पताका फहराने वाले कार्यकर्ता माने जाते हैं।मुलाकात के दौरान लोगों ने उनका कुशलक्षेम जाना, हौसला बढ़ाया और हर परिस्थिति में साथ खड़े रहने का विश्वास दिलाया।

उपस्थित क्षेत्रवासियों ने कहा कि एकांत गोयल वर्षों से जनहित और समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय हैं। उन्होंने हमेशा क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया और जनता के हितों के लिए संघर्ष किया। लोगों ने यह भी कहा कि गंगानगर वार्ड में भाजपा को पहली बार जीत दिलाने में उनकी अहम भूमिका रही, जिससे संगठन को नई पहचान मिली।इस दौरान क्षेत्रवासियों ने उनके साथ हुए कथित संगठनात्मक अन्याय पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि जनहित में काम करने वाले समर्पित कार्यकर्ताओं का सम्मान और मनोबल बनाए रखना हर संगठन की जिम्मेदारी है। लोगों ने विश्वास जताया कि सत्य और न्याय की जीत होगी।

इस मौके पर एकांत गोयल ने कहा कि आवारा पशुओं की समस्या को लेकर हुए सर्वदलीय विरोध प्रदर्शन और घेराव में उन्होंने केवल जनहित के उद्देश्य से भाग लिया था। यह किसी राजनीतिक दल के खिलाफ नहीं था, बल्कि एक जनसमस्या के समाधान के लिए था।उन्होंने कहा, “यदि इस सहभागिता के कारण संगठनात्मक स्तर पर मेरे खिलाफ कोई कार्रवाई की गई है, तो मेरा विनम्र निवेदन है कि उस निर्णय पर पुनर्विचार किया जाए। मेरा मानना है कि यह निर्णय संभवतः गलत या अधूरी जानकारी के आधार पर लिया गया।”

एकांत गोयल ने कहा कि वे भारतीय जनता पार्टी, उसकी विचारधारा और संगठन का हमेशा सम्मान करते आए हैं और आगे भी करेंगे। उन्होंने कहा, “मुझे पूरा विश्वास है कि जब मैं अपना पक्ष संगठन के सक्षम मंच पर तथ्यों सहित रखूंगा, तब निष्पक्ष विचार किया जाएगा। मेरे लिए संगठन का सम्मान और जनहित दोनों समान रूप से महत्वपूर्ण हैं।”कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Exit mobile version