
देहरादून:(जीशान मलिक) भारत मौसम विज्ञान विभाग, मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने उत्तराखंड के लिए अगले 7 दिनों का जनपद-स्तरीय मौसम पूर्वानुमान जारी किया है। जारी बुलेटिन के अनुसार 13 जुलाई से 19 जुलाई 2026 तक प्रदेश भर में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।मौसम विभाग के अनुसार 13 और 14 जुलाई को उत्तराखंड के पर्वतीय जनपदों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं मैदानी जनपदों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश होने के आसार हैं।
15 जुलाई को मौसम का असर बढ़ेगा। इस दिन पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत, अल्मोड़ा व नैनीताल जनपदों में अनेक स्थानों पर और देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार व उधम सिंह नगर में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा के साथ गरज-चमक हो सकती है। हरिद्वार में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश संभव है।16 जुलाई से 19 जुलाई तक पूरे उत्तराखंड के जनपदों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा और गरज के साथ बौछारें पड़ने का पूर्वानुमान है।
मौसम विभाग ने पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और निचले इलाकों में जलभराव की आशंका को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे पहाड़ी सड़कों पर यात्रा के दौरान सावधानी बरतें।कृषि विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि बारिश को देखते हुए फसलों की निकासी और खेतों में जल निकासी की उचित व्यवस्था रखें।मौसम विभाग ने कहा कि मौसम में बदलाव संभव है, इसलिए नागरिक IMD देहरादून द्वारा जारी अपडेट पर नजर बनाए रखें।

