देहरादून:(जीशान मलिक)उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद (UBSE) ने आज शनिवार को हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 के परिणामों की घोषणा कर दी है। इस वर्ष के नतीजों में एक बार फिर बेटियों ने बाजी मारी है। हाईस्कूल में रामनगर के अक्षत गोपाल ने 98.20% अंकों के साथ पूरे प्रदेश में सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया है, जबकि इंटरमीडिएट में बागेश्वर की गीतिका पंत और ऊधम सिंह नगर की सुशीला मेंदीरत्ता ने 98.00% अंक पाकर संयुक्त रूप से टॉप किया है।
हाईस्कूल: रामनगर के अक्षत ने किया कमाल हाईस्कूल परीक्षा में एम.पी. हिंदू इंटर कॉलेज, रामनगर के छात्र अक्षत गोपाल ने 500 में से 491 अंक हासिल कर प्रदेश की मेरिट सूची में पहला स्थान पाया। दूसरे स्थान पर उत्तरकाशी के इशांत कोठारी और नैनीताल की भूमिका संयुक्त रूप से रहे। दोनों ने 98% अंक प्राप्त किए। बागेश्वर के योगेश जोशी 97.80% अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
इंटरमीडिएट: गीतिका और सुशीला ने साझा किया शीर्ष स्थान
12वीं की परीक्षा में बेटियों का दबदबा साफ दिखाई दिया। सरस्वती शिशु मंदिर, बागेश्वर की छात्रा गीतिका पंत और भंजूराम अमर इंटर कॉलेज, ऊधम सिंह नगर की सुशीला मेंदीरत्ता ने 490 अंकों के साथ संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया। ऋषिकेश के आर्यन दूसरे और हरिद्वार की वंशिका तीसरे स्थान पर रहीं।

