Site icon Bhagwa Sanatan Times

उत्तराखंड बोर्ड का बड़ा अपडेट: सुधार और सम्पूर्ण परीक्षा के शुल्क की तिथि घोषित

नैनीताल:(जीशान मलिक) उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद, रामनगर (नैनीताल) ने परीक्षाफल सुधार परीक्षा को लेकर महत्वपूर्ण विज्ञप्ति जारी की है। परिषद के सचिव की ओर से 20 अगस्त 2026 को जारी विज्ञप्ति के अनुसार, परीक्षाफल सुधार परीक्षा प्रथम (2026) एवं परीक्षाफल सुधार परीक्षा तृतीय (2025) में अनुत्तीर्ण विद्यार्थी, जो वर्ष 2027 की मुख्य परीक्षा में सम्मिलित होना चाहते हैं अथवा परीक्षाफल सुधार परीक्षा प्रथम (2026) में शामिल परीक्षार्थी मुख्य परीक्षा 2027 के साथ आयोजित होने वाली परीक्षाफल सुधार परीक्षा द्वितीय (2026) में शामिल होना चाहते हैं, उनके लिए निर्धारित शुल्क राजकोष में जमा कराने की प्रक्रिया तय की गई है।

विज्ञप्ति के अनुसार निर्धारित शुल्क 22 अगस्त 2026 से 31 अगस्त 2026 तक जमा किया जा सकेगा। परीक्षाफल सुधार परीक्षा द्वितीय में व्यक्तिगत परीक्षार्थियों के लिए हाईस्कूल स्तर पर परीक्षा शुल्क 200 रुपये प्रति विषय तथा प्रमाणपत्र-सह-अंकपत्र शुल्क 50 रुपये निर्धारित है। इंटरमीडिएट स्तर पर परीक्षा शुल्क 300 रुपये प्रति विषय और प्रमाणपत्र-सह-अंकपत्र शुल्क 50 रुपये रखा गया है।

सम्पूर्ण परीक्षा के लिए संस्थागत परीक्षार्थियों का हाईस्कूल परीक्षा शुल्क 200 रुपये, प्रमाणपत्र-सह-अंकपत्र शुल्क 10 रुपये तथा इंटरमीडिएट परीक्षा शुल्क 350 रुपये और प्रमाणपत्र-सह-अंकपत्र शुल्क 10 रुपये है। व्यक्तिगत परीक्षार्थियों के लिए हाईस्कूल परीक्षा शुल्क 600 रुपये, प्रमाणपत्र-सह-अंकपत्र शुल्क 10 रुपये और अग्रसारण शुल्क 10 रुपये निर्धारित है। इंटरमीडिएट के लिए परीक्षा शुल्क 700 रुपये,प्रमाणपत्र-सह-अंकपत्र शुल्क 10 रुपये, अग्रसारण शुल्क 10 रुपये तथा प्रवजन प्रमाण-पत्र शुल्क 50 रुपये निर्धारित किया गया है।

परिषद ने अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए भी शुल्क का प्रावधान स्पष्ट किया है। हाईस्कूल स्तर पर परीक्षाफल सुधार परीक्षा द्वितीय में शामिल होने के लिए 100 रुपये प्रति विषय परीक्षा शुल्क तथा 50 रुपये प्रमाणपत्र-सह-अंकपत्र शुल्क देना होगा। इंटरमीडिएट स्तर पर 150 रुपये प्रति विषय परीक्षा शुल्क तथा 50 रुपये प्रमाणपत्र-सह-अंकपत्र शुल्क निर्धारित किया गया है।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि सम्पूर्ण परीक्षा में शामिल होने वाले सभी परीक्षार्थियों से तालिका के क्रमांक-02 में निर्धारित शुल्क लिया जाएगा। विद्यालय परीक्षार्थियों से हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट स्तर पर निर्धारित शुल्क चालान के माध्यम से राजकोष में जमा करा सकेंगे। कक्षा 10 और कक्षा 12 का शुल्क अलग-अलग चालान के माध्यम से जमा किया जाएगा। शुल्क जमा करने के लिए लेखाशीर्षक 02020110202 (0202-शिक्षा, खेल, कला एवं संस्कृति, 01-सामान्य शिक्षा, 102-माध्यमिक शिक्षा, 02-बोर्ड परीक्षाओं का शुल्क) निर्धारित किया गया है।

परिषद ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि किसी विद्यालय द्वारा पूर्व में जुलाई/अगस्त 2026 में परिषद की परीक्षा 2027 के लिए निर्धारित समयावधि के दौरान ही संबंधित परीक्षार्थी का परीक्षा शुल्क जमा कराया जा चुका है, तो ऐसी स्थिति में शुल्क दोबारा जमा करने की आवश्यकता नहीं होगी। हालांकि, संबंधित परीक्षार्थी के परीक्षा शुल्क जमा होने संबंधी पुष्ट प्रमाण परिषद को उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा। परिषद द्वारा विद्यालय से उपलब्ध कराए गए साक्ष्यों/अभिलेखों से संतुष्ट होने के बाद ही संबंधित परीक्षार्थी को परीक्षा में सम्मिलित होने की अनुमति प्रदान की जाएगी।

Exit mobile version