
देहरादून:(जीशान मलिक) उत्तराखंड अध्यापक पात्रता परीक्षा (UTET) प्रथम एवं द्वितीय-2026 सोमवार को प्रदेश के 29 शहरों के 163 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में शांतिपूर्ण और शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न हुई।उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, प्रथम पाली (सुबह 10 से 12:30 बजे) में आयोजित UTET-I में कुल 24638 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 20975 अभ्यर्थी (85.1%) उपस्थित रहे। वहीं दूसरी पाली (दोपहर 2 से 4:30 बजे) में आयोजित UTET-II में 42607 पंजीकृत में से 36693 अभ्यर्थी (86.1%) शामिल हुए।
हरिद्वार में सबसे कम उपस्थिति दर्ज की गई। UTET-I में हरिद्वार में 78.3% और UTET-II में 76% उपस्थिति रही। वहीं सबसे ज्यादा उपस्थिति पौड़ी गढ़वाल, पिथौरागढ़ और उत्तरकाशी में रही। पौड़ी में UTET-I में 91.2% और UTET-II में 91.9% अभ्यर्थी उपस्थित रहे।देहरादून में 36 केंद्रों पर परीक्षा हुई, जहां UTET-I में 4126 में से 3426 (83%) और UTET-II में 8940 में से 7540 (84.3%) अभ्यर्थी उपस्थित रहे। नैनीताल में 20 केंद्रों पर UTET-I में 77.5% और UTET-II में 84.9% उपस्थिति रही।
परिषद के सचिव ने बताया कि परीक्षा को सफल बनाने के लिए प्रत्येक शहर में एक विभागीय अधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया गया था, जबकि जिला प्रशासन ने सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए थे। प्रत्येक केंद्र पर एक पर्यवेक्षक पूरे समय मौजूद रहा। परिषद ने सभी विभागीय अधिकारियों, पुलिस और प्रेस का आभार व्यक्त किया है।

