Site icon Bhagwa Sanatan Times

दुकानों पर छापामारी के बाद व्यापारियों ने एआरटीओ से की मुलाकात, कार्यशाला कर जागरूकता बढ़ाने का आश्वासन

हरिद्वार, 26 नवम्बर। प्रतिबंधित ऑटो पार्ट्स की बिक्री पर परिवहन विभाग द्वारा की गई छापामारी एवं सामान जब्त किए जाने के मामले में व्यापारियों ने बुधवार को प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष डा. विशाल गर्ग के नेतृत्व में एआरटीओ निखिल शर्मा से मुलाकात की। इस दौरान अवधूत मंडल व्यापार मंडल से जुड़े व्यापारी भी शामिल रहे।

 

वार्ता में डा. विशाल गर्ग ने कहा कि अधिकांश व्यापारी मोटर व्हीकल एक्ट के प्रावधानों की जानकारी नहीं रखते। उन्हें यह स्पष्ट पता नहीं होता कि किन पार्ट्स की बिक्री प्रतिबंधित है, ऐसे में बिना पूर्व जानकारी के की गई एकतरफा कार्रवाई व्यापारी वर्ग में नाराज़गी पैदा कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रशासन व विभागीय अधिकारियों को छापेमारी से पहले व्यापारियों को जागरूक करने के लिए समय देना चाहिए था।

 

उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि व्यापारी प्रतिबंधित सामान की बिक्री नहीं करेंगे, लेकिन बार-बार होने वाली ऐसी कार्रवाइयों से व्यापारियों को आर्थिक नुकसान न हो, इसका भी ध्यान रखा जाना चाहिए।

 

प्रदेश उपाध्यक्ष शिवकुमार कश्यप, प्रदेश सचिव मयंक मूर्ति भट्ट और शहर अध्यक्ष प्रवीण शर्मा ने भी व्यापारियों की समस्याएँ एआरटीओ के समक्ष रखते हुए विभागीय कार्यशाला आयोजित करने की मांग की।

एआरटीओ निखिल शर्मा ने व्यापारियों की चिंताओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द ही एक कार्यशाला आयोजित कर सभी व्यापारियों को मोटर व्हीकल एक्ट की विस्तृत जानकारी देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रतिबंधित पार्ट्स की सूची और उनसे जुड़ी नियमावली स्पष्ट रूप से बताई जाएगी, ताकि भविष्य में किसी प्रकार का विवाद या गलतफहमी न रहे।

वार्ता के बाद विभाग द्वारा जब्त किया गया सामान व्यापारियों को वापस कर दिया गया तथा उन्हें निर्देश दिए गए कि भविष्य में केवल एक्ट के अनुरूप ही सामान की बिक्री की जाए।

इस दौरान योगेश भारद्वाज, रविकांत शर्मा, मनीष सेठी, अंकित सेठी, धीरेंद्र गुप्ता, सतीशचंद्र शर्मा सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।

Exit mobile version