राजपुर रोड पर किन्नरों का हंगामा, नग्न प्रदर्शन से यातायात बाधित, चार पर मुकदमा दर्ज
देहरादून जिशान मालिक भगवा सनातन टाइम्स
शनिवार देर शाम राजधानी देहरादून के पॉश इलाके राजपुर रोड पर वाहन टकराने को लेकर किन्नरों ने जमकर हंगामा किया। गुस्साए किन्नरों ने न केवल सड़क पर कपड़े उतारकर प्रदर्शन किया, बल्कि यातायात भी बाधित कर दिया। इस दौरान आम लोगों से अभद्रता और मारपीट की गई। मामला बढ़ने पर मौके पर पहुंची पुलिस से भी किन्नर उलझ गए।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे पुलिस प्रशासन भी हरकत में आया। प्रदर्शन के दौरान किन्नरों ने पुलिस बैरियर को पलट दिया और सड़क पर जमकर उत्पात मचाया। जैसे-तैसे पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और जाम खुलवाया।
एसएसपी अजय सिंह ने मामले का संज्ञान लेते हुए देर रात चार किन्नरों—अलीना खान, सना खान, खुशी और एलेक्सा, सभी निवासी कारगी चौक, पटेलनगर—के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। आरोपियों पर सरकारी कार्य में बाधा डालने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। इसके साथ ही उनका वाहन भी सीज कर दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

