Site icon Bhagwa Sanatan Times

NEET (UG)-2026: हरिद्वार में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, SSP नवनीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस तैयारी 

हरिद्वार:(जीशान मलिक)21 जून को होने वाली NEET (UG)-2026 परीक्षा को शांतिपूर्ण और नकलविहीन कराने के लिए हरिद्वार पुलिस ने कमर कस ली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर पुलिस लाइन रोशनाबाद में सुबह ड्यूटी पर तैनात फोर्स की ब्रीफिंग हुई। ब्रीफिंग की अध्यक्षता नोडल अधिकारी एसपी क्राइम निशा यादव ने की।बैठक में एसपी सिटी और एसपी देहात ने भी अपने अनुभव साझा किए। फोर्स को सख्त हिदायत दी गई कि परीक्षा केंद्रों पर दुरुस्त चेकिंग हो और कोई भी अवांछित तत्व केंद्र के आसपास न फटकने पाए। हर जवान की भूमिका को अहम बताते हुए कहा गया कि संदिग्ध दिखने पर तुरंत सीनियर अधिकारियों को सूचना दें।

जवानों को निर्देश दिए गए कि मेटल डिटेक्टर समेत सभी जरूरी उपकरण समय से प्राप्त कर लें और तय समय से पहले ड्यूटी पॉइंट पर पहुंचकर परीक्षा स्थल का जायजा लें।NEET परीक्षा के लिए हरिद्वार जिले में कुल 12 केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 8 केंद्र देहात क्षेत्र और 4 केंद्र सिटी एरिया में हैं। पूरे जिले को परीक्षा के लिए 5 जोन और 12 सेक्टर में बांटा गया है। सभी केंद्रों पर बड़ी संख्या में पुरुष और महिला पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।

संबंधित थाना प्रभारी अपने क्षेत्र के परीक्षा केंद्रों के आसपास लगातार गश्त करेंगे और आपराधिक तत्वों पर नजर रखेंगे। सभी सेक्टरों की निगरानी क्षेत्राधिकारी स्तर के जोनल प्रभारी करेंगे।SSP नवनीत सिंह ने कहा कि परीक्षा की शुचिता से कोई समझौता नहीं होगा। किसी भी तरह की गड़बड़ी करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।

Exit mobile version