हरिद्वार
विश्व आयुर्वेद परिषद उत्तराखंड, हरिद्वार के तत्वावधान में लक्सर रोड स्थित अजीतपुर गांव में रविवार दिनांक 14 दिसंबर 2025 को एक आयुर्वेद चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्रीय नागरिकों को आयुर्वेद पद्धति से स्वास्थ्य परामर्श एवं औषधि उपलब्ध कराई गई।
शिविर में संधिवात, आमवात, ज्वर, अतिसार, अजीर्ण, पाण्डु, शिरशूल, कटिशूल, मधुमेह, मोटापा, हाइपरटेंशन, थायराइड, त्वचा रोग, बच्चों के रोग एवं स्त्री रोग सहित विभिन्न सामान्य बीमारियों के उपचार हेतु औषधियों का वितरण किया गया। रोगियों को परामर्श निःशुल्क दिया गया, जबकि औषधि हेतु सहयोग राशि के रूप में प्रतिदिन मात्र 10 रुपये लिए गए।
इस आयोजन में अजीतपुर के ग्राम प्रधान प्रखर कश्यप का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ। साथ ही संदीप कुमार योगाचार्य (खंड महाविद्यालयीन विद्यार्थी प्रमुख, RSS) एवं अन्य संघ के कार्यकर्ता बंधुओं का भी सक्रिय योगदान रहा। शिविर में कुल 60 रोगियों ने परामर्श एवं औषधि का लाभ उठाया।
शिविर का संचालन आयुर्वेद परिषद के प्रान्त अध्यक्ष प्रोफेसर उत्तम कुमार शर्मा के निर्देशन में किया गया, जिसमें परिषद की सक्रिय कार्यकर्ता डॉ. रोशनी, डॉ. मीनाक्षी, डॉ. रेनू, डॉ. आदित्य तथा देवेंद्र मेहंदीरत्ता का विशेष सहयोग रहा। शिव आयुर्वेद एवं पंचकर्म क्लिनिक तथा श्री श्री आयुर्वेद कंपनी द्वारा भी आयोजन में सहयोग प्रदान किया गया।
आयोजकों ने बताया कि यह आयुर्वेद चिकित्सा शिविर प्रति रविवार इसी स्थान पर नियमित रूप से संचालित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक रोगियों को चिकित्सा का समुचित लाभ मिल सके। अजीतपुर ग्राम के निवासियों एवं प्रबुद्ध जनों ने इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण पहल बताया।

