हरिद्वार:(चीफ एडिटर) भगवानपुर में अंतर्राष्ट्रीय हिन्दी दिवस एवं विश्व लोकतन्त्र दिवस के उपलक्ष्य में आज किसान इंटर कॉलेज, बहबलपुर, विकासखंड भगवानपुर, जिला हरिद्वार में विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार के आदेशानुसार क्यान्टम विश्वविद्यालय, भगवानपुर के विधि विभाग के सहयोग से सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम में किसान इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने हिन्दी दिवस पर कला प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लिया। वहीं क्यान्टम विश्वविद्यालय के विधि छात्र-छात्राओं ने लोकतंत्र के महत्व को भाषण, कला प्रस्तुति और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर रमन कुमार सैनी, डिप्टी एलएडीसी, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार ने भारत की लोकतांत्रिक शासन प्रणाली, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से उपलब्ध निःशुल्क विधिक सेवाओं और राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA), नई दिल्ली की हेल्पलाइन 15100 की जानकारी दी।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सिमरनजीत कौर, सचिव/सिविल जज (एसडी), जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार ने छात्रों को लोकतंत्र शासन प्रणाली, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, पोक्सो अधिनियम, शिक्षा का अधिकार अधिनियम, संविधान में वर्णित मौलिक अधिकार एवं कर्तव्यों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कॉलेज प्रांगण में छायादार पौधा भी रोपित किया तथा प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले छात्रों को प्रमाण-पत्र वितरित किए।
कार्यक्रम के अंत में किसान इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य हितेश गुप्ता एवं क्यान्टम विश्वविद्यालय, भगवानपुर के विधि विभागाध्यक्ष अखिलेश यादव ने सभी अतिथियों का आभार प्रकट किया।
इस अवसर पर कॉलेज के सभी छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण, ग्राम प्रधान एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार से रजिया, सहायक एलएडीसी सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

