Site icon Bhagwa Sanatan Times

देहरादून में गणतंत्र दिवस की तैयारियां जोरों पर: डीएम और एसएसपी ने किया कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण

देहरादून:(जीशान मलिक) राजधानी देहरादून में गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियां जोरों पर हैं।जिलाधिकारी सविन बंसल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने रविवार को कार्यक्रम स्थल परेड ग्राउंड का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान, डीएम और एसएसपी ने मुख्य मंच, वीआईपी सीटिंग, पार्किंग, सुरक्षा, और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने मुख्य मंच सहित प्रत्येक ब्लॉक में अतिथियो, विधायकों, दायित्वधारियों एवं गणमान्य नागरिकों के सुगम आगमन तथा बैठने की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, राज्य आंदोलनकारियों एवं उनके परिजनों के लिए विशेष एवं सम्मानजनक बैठने की व्यवस्था करने पर भी बल दिया। इस दौरान, उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर वाहनों की पार्किंग एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।

जिलाधिकारी ने कार्यक्रम के सफल संचालन करने के लिए एलईडी स्क्रीन के माध्यम से लाइव प्रसारण, सुदृढ़ साउंड सिस्टम, एंकर व्यवस्था तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जनरेटर बैकअप की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रवेश द्वार एवं मुख्य मंच की साज-सज्जा को आकर्षक एवं गरिमामय बनाए रखने तथा मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुसार सभी तैयारियाँ सुनिश्चित करते हुए नोडल अधिकारियों को अपने ड्यूटी प्वांइट पर तैनात रहने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्रा, सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह, एसडीएम अपूर्वा सिंह, एसडीएम कुमकुम जोशी, एसडीएम विनोद कुमार सहित विभिन्न व्यवस्थाओं से जुड़े नोडल अधिकारी मौजूद थे।

“कार्यक्रम स्थल परेड ग्राउंड में प्रवेश की खास व्यवस्थाएं…

– गेट संख्या-1 से मुख्य मंच, गंगा एवं अलकनंदा ब्लॉक के पास धारकों का प्रवेश होगा।

– गेट संख्या-2 से भागीरथी ब्लॉक के पास धारकों का प्रवेश सुनिश्चित किया गया है।

– गेट संख्या-3 से परेड दल एवं झांकियों का प्रवेश होगा।

– गेट संख्या-4 से आसन, टौंस एवं यमुना ब्लॉक के पास धारकों एवं दर्शकों के लिए प्रवेश की व्यवस्था की गई है।

“गणतंत्र दिवस समारोह का कार्यक्रम…

– प्रातः 10 बजे: परेड दलों की प्रतिबद्धता एवं परेड कमांडर द्वारा परेड का भार ग्रहण किया जाएगा।

– प्रातः 10:20 बजे: मुख्यमंत्री का आगमन।

– प्रातः 10:28 बजे: राज्यपाल का आगमन।

– प्रातः 10:30 बजे: ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान।

– प्रातः 10:35 बजे: परेड का मार्च पास्ट, स्कूली बच्चों के कार्यक्रम, झांकियों का प्रदर्शन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम।

– 11:25 बजे: पुलिस मेडल वितरण।

– राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन होगा एवं महानुभावों का प्रस्थान होगा।

Exit mobile version