Site icon Bhagwa Sanatan Times

जयपुर में नीरजा मोदी स्कूल की चौथी मंजिल से कूदकर छात्रा ने जान दी, वीडियो आया सामने

जयपुर:(चीफ एडिटर)जयपुर के प्रतिष्ठित नीरजा मोदी स्कूल में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हुआ। चौथी कक्षा में पढ़ने वाली 9 वर्षीय छात्रा अमायरा, चौथी मंजिल से कूद गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना दोपहर करीब 1:30 बजे की बताई जा रही है। बच्ची झाड़ियों में गिरी और सिर दीवार से टकरा गया। अचानक हुई चीख-पुकार सुनकर स्कूल स्टाफ मौके पर पहुंचा और अमायरा को तुरंत मेट्रो मास अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें अमायरा रेलिंग पार कर नीचे कूदते हुए नजर आ रही है। यह दृश्य देखकर हर कोई सन्न रह गया।

अमायरा, विजय कुमार की पुत्री थी और मानसरोवर स्थित द्वारका अपार्टमेंट में रहती थी। हादसे की सूचना मिलते ही उसके माता-पिता अस्पताल पहुंचे। मां शिबानी देव का रो-रोकर बुरा हाल था। वह बार-बार डॉक्टरों से कहती रहीं—

“मेरी बच्ची को कहीं से भी लाकर दे दो…

मुझे मेरी अमायरा चाहिए।”पिता विजय देव पूरी तरह खामोश थे, शोक और सदमे में डूबे हुए।

परिजनों ने पहले पोस्टमॉर्टम के लिए सहमति नहीं दी, लेकिन देर रात मेडिकल बोर्ड की मौजूदगी में जांच पूरी की गई। इस बीच, परिवार ने स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों के खिलाफ FIR दर्ज कराई है।

घटना के बाद स्कूल प्रशासन पर सबूत मिटाने के आरोप भी लगे हैं। बताया गया है कि जहां बच्ची गिरी थी, वहां के खून के धब्बे साफ करा दिए गए, जबकि कानूनन घटना स्थल को जांच पूरी होने तक सुरक्षित रखना अनिवार्य होता है।

इस दर्दनाक घटना ने पूरे जयपुर को झकझोर कर रख दिया है। सवाल उठ रहे हैं कि स्कूल जैसी सुरक्षित जगह पर ऐसी त्रासदी कैसे हुई और क्या बच्ची पर किसी तरह का दबाव था? जांच जारी है।

Exit mobile version