Site icon Bhagwa Sanatan Times

112 पर फायरिंग की झूठी सूचना देना पड़ा भारी, युवक पर जुर्माना

हरिद्वार:(जीशान मलिक) विधानसभा खानपुर आपातकालीन सेवा 112 पर फायरिंग की झूठी सूचना देना एक युवक को भारी पड़ गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की, लेकिन फायरिंग की घटना की कोई पुष्टि नहीं हुई।

पुलिस के अनुसार, 22 अगस्त को सोनू पुत्र अज सिंह, निवासी मिर्जापुर, करनपुर, थाना कोतवाली खानपुर, हरिद्वार ने 112 पर फोन कर क्षेत्र में फायरिंग होने की सूचना दी थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए खानपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और मामले का सत्यापन किया। जांच के दौरान फायरिंग की सूचना पूरी तरह झूठी पाई गई।

इसके बाद पुलिस ने झूठी सूचना देने वाले युवक के खिलाफ उत्तराखंड पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए ₹5,000 का चालान किया। साथ ही पुलिस ने उसे भविष्य में इस तरह की झूठी सूचना देकर आपातकालीन सेवा को गुमराह न करने की सख्त हिदायत दी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि 112 जैसी आपातकालीन सेवाओं का दुरुपयोग करने से वास्तविक जरूरतमंदों तक पुलिस सहायता पहुंचने में बाधा उत्पन्न हो सकती है।

Exit mobile version