पिरान कलियर:(जीशान मलिक) पिरान कलियर क्षेत्र के नगर पंचायत इमलीखेड़ा के वार्ड नंबर-3 माजरी में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। बीती रात से शुरू हुई तेज बारिश के बाद पूरा इलाका जलमग्न हो गया। कई घरों में पानी घुस गया है, जबकि सड़कें तालाब का रूप ले चुकी हैं। लोगों को घरों से निकलने तक में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बारिश ने जहां किसानों के चेहरों पर मुस्कान लौटा दी है और खेतों के लिए यह किसी वरदान से कम नहीं है, वहीं नगर पंचायत की जलनिकासी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि नालों की समय पर सफाई नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़कों और गलियों में भर गया, जिससे पूरे वार्ड में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई।
लोगों का आरोप है कि हर साल मानसून से पहले नालों की सफाई और जलनिकासी दुरुस्त करने के दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई काम नहीं होता। जलभराव के कारण बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं सबसे ज्यादा परेशान हैं।स्थानीय निवासियों ने नगर पंचायत प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से तत्काल जलनिकासी की व्यवस्था करने और नालों की सफाई कराने की मांग की है, ताकि आगे बारिश में लोगों को इस परेशानी से राहत मिल सके।

