हरिद्वार:(जीशान मलिक) तीर्थ नगरी हरिद्वार की स्वच्छता और सुंदरता बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर बुधवार को हर की पैड़ी क्षेत्र के घाटों पर वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। शिव घाट, सुभाष घाट, मालवीय घाट और विष्णु घाट पर एक साथ चले इस अभियान में NDRF, SDRF, स्काउट गाइड, नगर निगम और सामाजिक संस्थाओं ने मिलकर सफाई की। इस दौरान नगर निगम की टीम ने अतिक्रमण भी हटाया।अभियान में जिला आपदा प्रबंधन, भारतीय स्काउट गाइड, नगर निगम, NDRF और SDRF के जवानों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। नगर निगम की स्वच्छता अभियान की ब्रांड एम्बेसडर सोनिया सिंह, सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, गंगा सभा के सदस्य, आदर्श युवा समिति, आस्था सेवा संस्थान और कई स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि भी घाटों पर सफाई करते दिखे।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत ने बताया, “DM मयूर दीक्षित के निर्देश पर हरिद्वार को साफ-सुंदर रखने के लिए लगातार सफाई अभियान चलाए जा रहे हैं। मकसद है कि हरिद्वार आने वाले तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को स्वच्छ वातावरण मिले।”मीरा रावत ने सभी तीर्थयात्रियों, पर्यटकों, स्थानीय लोगों और व्यापारियों से अपील की कि स्वच्छता अभियान में सहयोग करें। उन्होंने कहा, “कोई भी व्यक्ति कूड़ा-कचरा गंगा घाटों, खुले या सार्वजनिक स्थानों पर न फेंके। नगर निगम ने जगह-जगह कूड़ेदान लगाए हैं, कचरा उसी में डालें ताकि मां गंगा की पवित्रता बनी रहे।”सफाई के साथ-साथ नगर निगम की टीम ने घाट क्षेत्र में फैले अतिक्रमण को भी हटाया। अधिकारियों ने चेताया कि घाटों की सुंदरता बिगाड़ने वालों पर आगे भी कार्रवाई होगी।

