
हरिद्वार:(जीशान मलिक) जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में चार्ज अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने जनपद के लिए निर्धारित लक्ष्य को समयबद्ध और त्वरित गति से पूरा करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, इसलिए सभी अधिकारी आपसी समन्वय और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए इसे सफल बनाएं।बैठक में बताया गया कि द्वितीय चरण में 16 से 30 नवंबर 2026 तक स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की प्रक्रिया संचालित की जाएगी। इस दौरान नागरिकों से कुल 40 प्रश्नों के उत्तर लिए जाएंगे। यही 40 प्रश्न बाद में प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर जनगणना के दौरान भी पूछे जाएंगे।स्वगणना का प्रमुख लाभ यह है कि नागरिक अपने परिवार से संबंधित सभी प्रश्नों के उत्तर स्वयं अपनी सुविधानुसार दर्ज कर सकेंगे। इससे प्रगणकों को घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करने में लगने वाले समय की बचत होगी और उनका मुख्य कार्य पहले से दर्ज जानकारी का सत्यापन करना होगा। इससे जनगणना की प्रक्रिया अधिक सरल, व्यवस्थित और समयबद्ध होगी।
प्रथम चरण में मकान सूचीकरण और मकानों की गणना के लिए स्वगणना के माध्यम से जनपद के लगभग 9,000 नागरिकों ने सहभागिता की थी। इस बार द्वितीय चरण में 30,000 से अधिक नागरिकों द्वारा स्वगणना का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए जिला प्रशासन व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाएगा।अभियान के तहत कलेक्ट्रेट परिसर, शासकीय कार्यालयों, पुलिस थानों, तहसीलों, चिकित्सालयों, बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर होर्डिंग-बैनर लगाए जाएंगे। विद्यालयों और महाविद्यालयों में प्रभात फेरियों और जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन होगा। सोशल मीडिया, व्हाट्सएप ब्रॉडकास्ट और अन्य डिजिटल माध्यमों से प्रचार संदेश, वीडियो अपील और जागरूकता सामग्री प्रसारित की जाएगी।इसके अलावा नगर निगम के कूड़ा संग्रहण वाहनों और अन्य वाहनों से लाउडस्पीकर के माध्यम से नागरिकों को प्रेरित किया जाएगा। सिनेमा हॉलों में फिल्म प्रदर्शन से पहले जनगणना से संबंधित जागरूकता स्लाइड्स भी दिखाई जाएंगी।जिलाधिकारी ने सभी नागरिकों से 16 से 30 नवंबर के बीच स्वगणना करने और अपने परिवार, मित्रों और पड़ोसियों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।
बैठक में मुख्य नगर आयुक्त नंदन कुमार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता, जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार पंत, डीपीआरओ अतुल प्रताप सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी भी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।

