हरिद्वार:(जीशान मलिक) जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बुधवार को नगर मजिस्ट्रेट हरगिरी और संबंधित अधिकारियों के साथ उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग की आवासीय कॉलोनी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कॉलोनी में निवासरत लोगों की स्थिति और आवंटन संबंधी जानकारी ली।
जांच में डीएम ने पाया कि कॉलोनी में कई ऐसे लोग रह रहे हैं जिनका विभाग से कोई संबंध नहीं है। इसमें कुछ रिक्शा चालक और ऐसे सेवानिवृत्त कर्मचारी भी शामिल हैं जो लंबे समय से रिटायर होने के बावजूद सरकारी आवासों पर काबिज हैं। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई।डीएम ने अधिशासी अभियंता, सिंचाई विभाग को निर्देश दिए कि अवैध रूप से रह रहे लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए और कॉलोनी में किए गए अतिक्रमण को तत्काल हटाया जाए। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटाने में प्रशासनिक सहयोग चाहिए तो नगर मजिस्ट्रेट पूरा सहयोग देंगे।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सरकारी परिसंपत्तियों का उपयोग केवल पात्र और अधिकृत लोगों द्वारा ही हो, अवैध कब्जे बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।

