Site icon Bhagwa Sanatan Times

हरिद्वार में बच्चों को नशे से बचाने के लिए विशेष पखवाड़ा शुरू

हरिद्वार:(चीफ एडिटर) राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) के निर्देश पर जनपद में बच्चों को नशे से मुक्त रखने के लिए 14 से 27 नवंबर तक विशेष पखवाड़ा अभियान शुरू किया गया है। यह अभियान नालसा की ‘डॉन’ (DAWN) योजना के तहत चलाया जा रहा है।जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नरेंद्र दत्त के आदेश और सचिव सिमरनजीत कौर के मार्गदर्शन में यह अभियान मुख्य रूप से 12 से 18 वर्ष के बच्चों पर केंद्रित रहेगा।अभियान के दौरान स्कूलों और समुदायों में बच्चों को नशे के दुष्परिणाम, बचाव के उपाय और समय पर मदद लेने के बारे में जागरूक किया जाएगा। नशे की लत में फंसे बच्चों की पहचान कर उनकी गोपनीय काउंसलिंग कराई जाएगी और उन्हें निःशुल्क विधिक सहायता, उपचार और पुनर्वास की सुविधा दी जाएगी। माता-पिता को भी मार्गदर्शन दिया जाएगा।

बाल दिवस के अवसर पर शनिवार को राजकीय संप्रेक्षण गृह, राजकीय विशेष गृह व प्लेस ऑफ सेफ्टी रोशनाबाद और मातृ आँचल कन्या विद्या पीठ जगजीतपुर कनखल में स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया। इसमें बच्चों की स्वास्थ्य जांच की गई। इस दौरान पैनल अधिवक्ता सीमा मौजूद रहीं। जिला कारागार हरिद्वार में भी जागरूकता शिविर आयोजित किया गया, जिसमें रिटेनर अधिवक्ता नीलू शर्मा ने कार्यक्रम कराया।इससे पूर्व 13 नवंबर को पुलिस मॉडर्न स्कूल पीएसी, आदर्श इंटर कॉलेज श्यामपुर, राजकीय इंटर कॉलेज श्यामपुर, आदर्श बाल सदन इंटर कॉलेज बहादरपुर जट, उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रांघरवाला और जे.एस. अकादमी माधोपुर में अधिकार मित्रों द्वारा अभियान का आगाज किया गया। बाल दिवस पर जिले के अनेक स्कूलों में जागरूकता शिविर आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में शिक्षक व छात्र-छात्राएं शामिल हुए।

Exit mobile version