Site icon Bhagwa Sanatan Times

हरिद्वार के युवाओं के लिए सुनहरा अवसर: पीएम कौशल विकास योजना के तहत मिलेगा निःशुल्क प्रशिक्षण, रोजगार के बढ़ेंगे अवसर

हरिद्वार:(जीशान मलिक) उत्तराखंड स्किल डेवलपमेंट सोसायटी (UKSDS) ने प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना (PMKVY 4.0) के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए राज्य के युवाओं से निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण हेतु आवेदन आमंत्रित किए हैं। सेवायोजन अधिकारी हरिद्वार ने बताया कि योजना का उद्देश्य युवाओं को उद्योगों की मांग के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।

उन्होंने बताया कि इस योजना के अंतर्गत बेरोजगार युवक-युवतियों, पढ़ाई बीच में छोड़ चुके (ड्रॉपआउट) विद्यार्थियों, महिला अभ्यर्थियों तथा ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। प्रशिक्षण उत्तराखंड के सात जनपदों—हरिद्वार, देहरादून, नैनीताल, ऊधम सिंह नगर, चंपावत, चमोली तथा नई टिहरी में संचालित किया जाएगा।

योजना के तहत युवाओं को वेब डिज़ाइनर, वेब डेवलपर, सोलर पीवी इंस्टॉलर, वेल्डर, ड्रोन सर्विस टेक्नीशियन, डिजिटल मित्र, नेचर एवं ट्रेकिंग गाइड, आईटी टेक्निकल सपोर्ट सहित लगभग 26 विभिन्न जॉब रोल में प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण पूरी तरह निःशुल्क होगा, जिससे प्रशिक्षित युवाओं के लिए निजी एवं औद्योगिक क्षेत्रों में रोजगार की संभावनाएं बढ़ेंगी।प्रशिक्षण के लिए न्यूनतम शैक्षिक योग्यता संबंधित जॉब रोल के अनुसार 10वीं या 12वीं उत्तीर्ण निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों की आयु 15 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए। प्रशिक्षण अवधि 3 से 4 माह निर्धारित की गई है।

सेवायोजन अधिकारी ने इच्छुक युवाओं से समय रहते ऑनलाइन पंजीकरण कर योजना का लाभ उठाने की अपील की है। अधिक जानकारी के लिए उत्तराखंड स्किल डेवलपमेंट सोसायटी की आधिकारिक वेबसाइट एवं पंजीकरण पोर्टल पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा टोल फ्री नंबर 1800-890-2414 तथा मोबाइल नंबर 7618222334 पर भी योजना से संबंधित जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

Exit mobile version