
हरिद्वार:(चीफ एडिटर) एस.एम.जे.एन. (पी.जी.) कॉलेज, हरिद्वार में स्व-जनगणना की प्रक्रिया को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन प्राचार्य कक्ष में किया गया।इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. सुनील कुमार बत्रा ने कहा कि जनगणना किसी भी देश की सामाजिक, आर्थिक और जनसांख्यिकीय स्थिति को समझने का महत्वपूर्ण आधार होती है। इसके आंकड़ों से सरकार को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, आवास और आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं के निर्माण में मदद मिलती है।उन्होंने कहा कि स्व-जनगणना की प्रक्रिया नागरिकों को अपनी जानकारी स्वयं दर्ज करने का अवसर देती है। इसलिए हर नागरिक को इस प्रक्रिया के प्रति जागरूक और जिम्मेदार बनना चाहिए। जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं है, बल्कि देश की वर्तमान सामाजिक और आर्थिक परिस्थितियों का महत्वपूर्ण दस्तावेज तैयार करने की प्रक्रिया है।
प्रो. बत्रा ने कहा कि सटीक और विश्वसनीय आंकड़े ही भविष्य की विकास योजनाओं को दिशा देते हैं। महाविद्यालय के शिक्षक और विद्यार्थी समाज में जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। इसलिए स्व-जनगणना की जानकारी अधिक से अधिक नागरिकों तक पहुंचाना आवश्यक है।इस अवसर पर जनगणना संबंधी प्रशिक्षण प्राप्त कर लौटीं डॉ. रेनू सिंह और प्रिंस श्रोत्रिय ने उपस्थित शिक्षकों और कर्मचारियों को स्व-जनगणना की प्रक्रिया, इसकी उपयोगिता और इससे जुड़े तकनीकी व व्यावहारिक पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्व-जनगणना के माध्यम से नागरिक निर्धारित ऑनलाइन प्रक्रिया के तहत स्वयं अपने परिवार और आवास से जुड़ी आवश्यक जानकारी दर्ज कर सकते हैं। उन्होंने चरणबद्ध प्रक्रिया, आवश्यक सावधानियों और जानकारी भरते समय ध्यान रखे जाने वाले बिंदुओं को भी समझाया।बैठक में उपस्थित शिक्षकों और कर्मचारियों ने स्व-जनगणना को लेकर जागरूकता बढ़ाने में सहयोग देने का संकल्प व्यक्त किया।
इस बैठक में प्रो. डॉ. जगदीश चंद्र आर्य, डॉ. नलिनी जैन, प्रो. विनय थपलियाल, डॉ. सुषमा नयाल, डॉ. शिवकुमार चौहान, डॉ. मनोज कुमार सोही,रिचा मिनोचा, रिंकल गोयल, वैभव बत्रा, डॉ. गीता शाह, कविता छाबड़ा, डॉ. आशा शर्मा, डॉ. लता शर्मा, डॉ. मोना शर्मा, डॉ. अनुरिषा, डॉ. पूर्णिमा सुंदरियाल, विनीत सक्सेना, डॉ. पुनिता शर्मा, डॉ. पदमावती तनेजा, डॉ. गौरव अग्रवाल, कुमारी दीपिका आनंद, पंकज भट्ट, कुमारी अंजलि शर्मा, डॉ. मीनाक्षी शर्मा, डॉ. पल्लवी, कुमारी कालिन्दी चौधरी, कुमारी भव्या भगत, निशांत चौहान, कुमारी रंजीता, शुभम तोमर आदि उपस्थित रहे।

