
चम्पावत:(जीशान मलिक) मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा पूर्व में सम्मानित किए गए जनपद चम्पावत के युवा नवाचारी राहुल नरियाल को जिलाधिकारी मनीष कुमार ने भी सोलर कार तैयार करने की उपलब्धि पर शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने राहुल के पिता भैरव दत्त नरियाल एवं माता बसंती देवी को भी शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया तथा बेटे की उपलब्धि पर बधाई दी।चम्पावत के मादली निवासी राहुल नरियाल इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के छात्र हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार उन्होंने लगभग एक माह के प्रयास और करीब 40 हजार रुपये की लागत से एक व्यक्ति के बैठने की क्षमता वाली सोलर कार तैयार की है। उनकी यह पहल वैकल्पिक ऊर्जा के उपयोग और तकनीकी नवाचार के प्रति उनकी रुचि एवं रचनात्मक सोच को दर्शाती है।
राहुल नरियाल, लोंगोवाल पॉलीटेक्निक कॉलेज, डेराबस्सी में अध्ययनरत हैं। कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉ. रोजी कटियाल एवं चेयरमैन डॉ. कपिल कटियाल हैं।जिलाधिकारी ने राहुल की मेहनत, लगन एवं रचनात्मक सोच की सराहना करते हुए जनपद का नाम रोशन करने पर उन्हें बधाई दी। उन्होंने राहुल के उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा आगे भी इसी उत्साह से अध्ययन और तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में प्रयास जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया।

