Site icon Bhagwa Sanatan Times

सुभाष नगर का जल संकट खत्म, जल संस्थान की रातभर की मेहनत लाई रंग

ज्वालापुर:(चीफ एडिटर) ज्वालापुर क्षेत्र के सुभाष नगर और आसपास के इलाकों में पिछले कई दिनों से चला आ रहा गंभीर जल संकट आखिरकार दूर हो गया है। जल संस्थान के अधिकारियों की सूझबूझ और तकनीकी टीम के रातभर चले विशेष अभियान के बाद क्षेत्र की जलापूर्ति सामान्य हो गई है। करीब 2 से 3 हजार की आबादी पानी की बूंद-बूंद को तरस रही थी।पिछले कुछ दिनों से सुभाष नगर के वार्ड संख्या 8, 9, 10 और 11 की अनेक गलियां जिनमें डी-11 से डी-3, सी-1 से सी-8 व अन्य क्षेत्र शामिल हैं, पानी की भारी किल्लत से जूझ रही थीं। जल संस्थान द्वारा भेजे जा रहे टैंकर भी नाकाफी साबित हो रहे थे। स्थानीय नागरिकों ने लगातार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के सामने समस्या उठाई थी।

जल संस्थान के तकनीकी निरीक्षण में सामने आया कि त्रिमूर्ति मंदिर स्थित ट्यूबवेल की लाइन से नया इंटरकनेक्शन जोड़कर समस्या का स्थायी समाधान निकाला जा सकता है। चूंकि काम व्यस्त पीएसी रोड पर होना था और दिन में ईद का त्योहार होने के कारण भारी ट्रैफिक था, इसलिए अधिकारियों, जेई, लाइनमैन और ठेकेदार ने रात के समय काम करने का फैसला किया। त्योहार पर मुस्लिम समुदाय के नागरिकों को असुविधा न हो, यह भी मकसद था।

रात में काम के दौरान कुछ लोगों में भ्रम फैल गया कि चोरी-छिपे काम हो रहा है और उनके क्षेत्र का पानी रुक जाएगा। जल संस्थान के अधिकारियों ने तुरंत स्पष्ट किया कि यह कार्य आधिकारिक रूप से हो रहा है और इससे किसी भी क्षेत्र का पानी बंद नहीं होगा। कार्य पूरा होने के बाद अब सुभाष नगर और आसपास के अधिकांश प्रभावित क्षेत्रों में सप्लाई पूरी तरह सामान्य हो चुकी है।जल संस्थान के अधिकारियों के अनुसार यदि अभी भी किसी नागरिक को जलापूर्ति में दिक्कत आ रही है तो वे लिखित रूप से शिकायत दर्ज करा सकते हैं। तत्काल जेई को मौके पर भेजकर जांच कराई जाएगी। विभाग के मुताबिक अभी तक ऐसी कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है, जिससे साफ है कि अधिकांश हिस्सों में समस्या दूर हो चुकी है।

समस्या के दौरान वार्ड संख्या 8 के सभासद राजकुमार यादव, वार्ड 9 के सभासद राधेश्याम कुशवाहा, वार्ड 10 के सभासद रमेश पाठक और वार्ड 11 की सभासद अरुणा देवी लगातार जनता के संपर्क में रहे और अधिकारियों से समन्वय बनाकर काम पूरा कराया।सुभाष नगर के जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्ध नागरिकों ने संयुक्त अपील की है कि धीरवाली, आर्यनगर चौक, ज्वालापुर, सुभाष नगर, त्रिमूर्ति नगर क्षेत्र जल संस्थान के अधिकार क्षेत्र में आता है, न कि नगर पालिका या नगर निगम के। जनता के हित में हुए इस कार्य को लेकर राजनीतिक विवाद या भ्रम न फैलाया जाए। यदि किसी को वास्तविक समस्या है तो वह बहकावे में आने के बजाय सीधे जल संस्थान से संपर्क करे।

Exit mobile version