
चम्पावत:(जीशान मलिक)मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों पर जिला प्रशासन ने आपदा प्रभावित किसानों को राहत पहुंचाई है। पूर्णागिरी तहसील (टनकपुर) क्षेत्र में फसल क्षति से प्रभावित 281 किसानों के बैंक खातों में 9 लाख 10 हजार 913 रुपये की सहायता राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की गई है।उप जिलाधिकारी टनकपुर प्रमोद कुमार ने बताया कि प्राकृतिक आपदा के कारण तहसील क्षेत्र में 50.402 हेक्टेयर में खाद्यान्न फसलों को नुकसान हुआ था। सर्वे के बाद 281 पात्र किसानों को नियमानुसार राहत राशि सीधे उनके खातों में भेजी गई है।
उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी मनीष कुमार के आदेश पर यह कार्रवाई वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत की गई है। प्रशासन का उद्देश्य है कि आपदा से प्रभावित किसानों को समय पर आर्थिक सहायता मिल सके, ताकि वे अपनी आर्थिक कठिनाइयों को कम कर कृषि कार्य दोबारा शुरू कर सकें।गौरतलब है कि राज्य सरकार प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों को समयबद्ध राहत देने और उनकी आजीविका सुरक्षित करने के लिए लगातार काम कर रही है।

