Site icon Bhagwa Sanatan Times

सिडकुल की कंपनियों में हड़कंप: जीएसटी चोरी पर 2 करोड़ जुर्माना, कई और कंपनियां रडार पर

हरिद्वार:(चीफ एडिटर) सिडकुल औद्योगिक क्षेत्र में जीएसटी चोरी का बड़ा मामला सामने आया है। राज्य कर विभाग की विशेष अनुसंधान शाखा ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्लास्टिक दाना उत्पादन और ट्रेडिंग का काम करने वाली 4 कंपनियों पर एक साथ छापेमारी की। इस दौरान करोड़ों की जीएसटी चोरी और सर्कुलर ट्रेडिंग का भंडाफोड़ हुआ। टीम ने मौके पर ही कंपनियों से 2 करोड़ रुपए का जुर्माना वसूल किया और तमाम दस्तावेज व डिजिटल रिकॉर्ड कब्जे में ले लिए।आयुक्त राज्य कर प्रतीक जैन के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। राज्य कर उपायुक्त कार्तिकेय वर्मा ने बताया कि छापेमारी के लिए विशेष अनुसंधान शाखा, सचल दल और ऑडिट इकाई के कुल 12 अधिकारियों की 4 टीमें गठित की गई थीं। रोशनाबाद सिडकुल की चारों कंपनियों में एक साथ छापा मारा गया।

जांच में सामने आया कि चारों कंपनियां आपस में सर्कुलर ट्रेडिंग कर रही थीं और आभासी रूप से अपना टर्नओवर बढ़ा रही थीं। कंपनियों ने अवैध इनपुट टैक्स क्रेडिट का लाभ उठाकर अपने रिटर्न में कैश भुगतान बेहद कम या शून्य दिखाया। परिसर में खरीद-बिक्री से स्टॉक का सत्यापन करने पर मौजूदा स्टॉक और आईटीसी के आंकड़ों में बड़ी विसंगतियां मिलीं। स्टॉक में भी भारी गड़बड़ी पाई गई।कार्तिकेय वर्मा ने बताया कि जीएसटी से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल रिकॉर्ड जब्त कर लिए गए हैं। जांच पूरी होने के बाद टैक्स और जुर्माना निर्धारित कर नियमानुसार वसूली की जाएगी। विभागीय कार्रवाई के बाद सिडकुल की अन्य कंपनियों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों के मुताबिक अभी भी कई कंपनियां जीएसटी चोरी कर रही हैं जो विभाग के रडार पर हैं। जल्द ही उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।

आयुक्त प्रतीक जैन ने कहा कि राज्य कर विभाग का विशेष अभियान निरंतर जारी रहेगा। फर्जी आईटीसी दिखाकर कर अपवंचन करने के प्रयासों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उत्तराखंड में ऐसी सभी कंपनियों पर सख्त निगरानी और जांच की कार्रवाई जारी रहेगी।

Exit mobile version