Site icon Bhagwa Sanatan Times

सिकरोडा में आधी रात गौकशी: ‘कट-कट’ की आवाज से खुली पोल, पुलिस रेड में एक दबोचा

भगवानपुर:(जीशान मलिक)SSP हरिद्वार के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत भगवानपुर पुलिस को गौकशी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ग्राम सिकरोडा में छापेमारी कर मौके से 250 किलो गौमांस बरामद किया और एक आरोपी इरशाद को गिरफ्तार कर लिया। छापे के दौरान उसके चार साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। भगवानपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सिकरोडा गांव में बेरियों पीर की तरफ जाने वाले रास्ते पर अनवर के घर के पीछे आम के पेड़ के नीचे गौकशी की जा रही है। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो ‘कट-कट’ की आवाज आ रही थी और कई कुत्ते वहां इकट्ठा थे। पुलिस ने घेराबंदी कर मौके पर 5 लोगों को गौकशी करते रंगे हाथ पकड़ा।

पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर इरशाद को दबोच लिया, जबकि 4 आरोपी खेतों के रास्ते फरार हो गए। मौके से 2 लोहे की छुरियां, गौवंशीय अवशेष- शिर, खुर, खाल और करीब 250 किलो गौमांस बरामद हुआ।पशु चिकित्सक की मौजूदगी में बरामद गौमांस को कानूनी प्रक्रिया के तहत गड्ढा खुदवाकर अम्लीय छिड़काव के साथ मौके पर ही नष्ट कर दफन कर दिया गया।

भगवानपुर पुलिस ने पकड़े गए इरशाद और उसके चार फरार साथियों के खिलाफ उत्तराखंड गोवंश संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। भगवानपुर SO ने बताया कि ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत गौतस्करों पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है।

Exit mobile version