Site icon Bhagwa Sanatan Times

शिवालिक नगर में विकास को नई रफ्तार: पार्क सौंदर्यकरण और पुलिया निर्माण कार्य शुरू

हरिद्वार:(चीफ एडिटर) नगर पालिका शिवालिक नगर क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में एक और कदम बढ़ाया गया है। नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा ने वार्ड संख्या-4 में S-364 के सामने स्थित पार्क के सौंदर्यकरण एवं क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर पुलिया निर्माण कार्यों का विधिवत शुभारंभ किया।शुभारंभ के अवसर पर स्थानीय नागरिकों ने विकास कार्यों का स्वागत किया और नगर पालिका अध्यक्ष का आभार व्यक्त किया।

नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा ने कहा कि नगर पालिका का उद्देश्य केवल आधारभूत सुविधाएं देना नहीं, बल्कि नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुंदर वातावरण देना भी है। उन्होंने बताया कि पार्क के सौंदर्यकरण के बाद बच्चों, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों को खुली हवा में टहलने, व्यायाम और स्वास्थ्यवर्धक गतिविधियों के लिए बेहतर जगह मिलेगी। यह पार्क क्षेत्र की सुंदरता बढ़ाने के साथ-साथ सामाजिक मेलजोल का प्रमुख केंद्र भी बनेगा।अध्यक्ष ने कहा कि विभिन्न स्थानों पर बनने वाली पुलियों से आमजन का आवागमन सुगम और सुरक्षित होगा। इससे बरसात के दौरान जलभराव की समस्या कम होगी और जल निकासी व्यवस्था मजबूत होगी।

राजीव शर्मा ने कहा, “शिवालिक नगर के समग्र और संतुलित विकास के लिए हमारी प्रतिबद्धता अटूट है। प्रत्येक वार्ड में जरूरत के अनुसार विकास कार्य प्राथमिकता से कराए जा रहे हैं और जनहित के कार्य आगे भी जारी रहेंगे।”

इस अवसर पर सभासद हरिओम चौहान, विरेन्द्र अवस्थी, मंडल अध्यक्ष कैलाश भंडारी, मंडल महामंत्री पंकज चौहान, जिला उपाध्यक्ष ओबीसी मोर्चा अजय मलिक, मंडल अध्यक्ष युवा मोर्चा वेदांत चौहान, जिला उपाध्यक्ष युवा मोर्चा देव विख्यात भाटी, मंडल मीडिया प्रभारी गौरव गुर्जर सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।

Exit mobile version