Site icon Bhagwa Sanatan Times

राष्ट्रीय खेल दिवस पर गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में हुआ भव्य आयोजन

हरिद्वार:(चीफ एडिटर)आधुनिक जीवन में चरित्र निर्माण एवं संस्कारों के पोषण के लिए खेलों को सबसे प्रभावी साधन बताते हुए गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा एवं खेल विभाग ने राष्ट्रीय खेल दिवस पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया। यह आयोजन शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार एवं यूजीसी के तत्वावधान में हॉकी के महान जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती पर आयोजित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार, दीप प्रज्ज्वलन और मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि अर्पित कर हुई। मुख्य अतिथि राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद, नई दिल्ली की सदस्य रश्मि चौहान और कुलपति प्रो. प्रभात कुमार की अध्यक्षता में कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।

अपने संबोधन में रश्मि चौहान ने कहा कि कठिनाइयों से बाहर निकलने के लिए धैर्य और श्रम की आवश्यकता होती है, और खेल इसके लिए सबसे सरल मार्ग है। उन्होंने मेजर ध्यानचंद के परिश्रम और समर्पण को उनकी सफलता का आधार बताया।

कुलपति प्रो. प्रभात कुमार ने कहा कि गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय ने हमेशा स्वतंत्रता और खेलों के प्रति समर्पित खिलाड़ियों के निर्माण में योगदान दिया है। उन्होंने मेजर ध्यानचंद के गुरुकुल से जुड़े अनुभवों को संकलित और प्रकाशित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

विशिष्ट अतिथि एवं कुलसचिव प्रो. सुनील कुमार ने कहा कि खिलाड़ी अपने आचरण और विचारों से समाज में संतुलन और सकारात्मकता लाने में सक्षम हैं। वहीं संकायाध्यक्ष प्रो. ब्रह्मदेव ने विद्यार्थियों को गुरू-शिष्य परंपरा का पालन करते हुए व्यसनों से दूर रहने और ब्रह्मचर्य के सिद्धांतों पर चलकर लक्ष्य साधने का संदेश दिया।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. शिवकुमार चौहान ने किया और स्वागत डॉ. अजय मलिक ने किया। इस अवसर पर छात्रों ने मार्शल आर्ट, योगिक क्रियाओं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।

खेल प्रतियोगिताओं में पाँच हाउसों – मिल्खा सिंह हाउस, केडी सिंह बाबू हाउस, ध्यानचंद हाउस, बलबीर सिंह सीनियर हाउस और अजीतपाल सिंह हाउस – के बीच कबड्डी मुकाबले आयोजित हुए।

• उद्घाटन मैच में मिल्खा सिंह हाउस ने केडी सिंह बाबू हाउस को 28-11 से हराया।

• दूसरे मैच में अजीतपाल हाउस ने ध्यानचंद हाउस को 11-7 से मात दी।

• तीसरे मैच में अजीतपाल हाउस ने बलबीर सिंह सीनियर हाउस को 23-03 से हराया।

• फाइनल में मिल्खा सिंह हाउस ने अजीतपाल हाउस को 33-26 से परास्त कर ट्रॉफी अपने नाम की।

विजेता टीम के खिलाड़ियों सहित प्रिंस ठाकुर (मार्शल आर्ट), किशोरी लाल (योग प्रदर्शन) और रविशंकर (सांस्कृतिक कार्यक्रम) को मेडल और प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में डॉ. कपिल मिश्रा, डॉ. अनुज कुमार, डॉ. प्रणवीर सिंह, सुनील कुमार, दिवाकर कश्यप, रविंद्र परमार, विकास राणा सहित विभिन्न संकायों के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन शांति पाठ के साथ हुआ।

Exit mobile version