हरिद्वार:(ज़ीशान मलिक)धर्मनगरी हरिद्वार में लगातार बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाते हुए रानीपुर पुलिस ने एक सक्रिय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से चोरी की 10 मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। पुलिस की इस सफलता को क्षेत्र में बढ़ते अपराध पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
“नशे की लत ने धकेला अपराध की राह पर…
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए चारों आरोपी नशे के आदी हैं। अपने नशे के खर्च और शौक पूरे करने के लिए ये आरोपी रानीपुर, सिडकुल और आसपास के क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी करते थे। चोरी के बाद वाहन औने-पौने दामों पर बेच दिए जाते थे, ताकि तुरंत नकदी जुटाई जा सके।
“ई-एफआईआर बनी जांच की कड़ी…
एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर ने रानीपुर कोतवाली में प्रेस वार्ता कर बताया कि उत्तराखण्ड पुलिस ऐप पर दर्ज ई-एफआईआर के माध्यम से लगातार वाहन चोरी की शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान की और योजनाबद्ध तरीके से उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
“10 बाइक बरामद, मालिकों की तलाश जारी…
एसएसपी भुल्लर ने बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने कुल 10 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इन वाहनों के असली मालिकों की पहचान की जा रही है, जिसके बाद उन्हें वाहन सौंपे जाएंगे। साथ ही आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है ताकि पता चल सके कि वे पहले भी ऐसी वारदातों में शामिल रहे हैं या नहीं।
“चोरी के नेटवर्क पर कस रहा शिकंजा…
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस गिरोह के पकड़े जाने से क्षेत्र में सक्रिय अन्य चोरी के नेटवर्क पर भी असर पड़ेगा। पुलिस अब उन लोगों की भी तलाश कर रही है जो चोरी के वाहन खरीदते थे, ताकि इस अवैध कारोबार की पूरी चेन को तोड़ा जा सके।
“जनता ने की सराहना, पुलिस की अपील…
स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि इससे वाहन चोरी की घटनाओं में कमी आएगी। वहीं पुलिस ने जनता से अपील की है कि वे अपने वाहनों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें, लॉक का प्रयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

