Site icon Bhagwa Sanatan Times

राजीव कृष्णा बने उत्तर प्रदेश के नए डीजीपी, 11 वरिष्ठ आईपीएस अफसरों को किया सुपरसीड

राजीव कृष्णा बने उत्तर प्रदेश के नए डीजीपी, 11 वरिष्ठ आईपीएस अफसरों को किया सुपरसीड

लखनऊ ,भगवा सनातन टाइम्स

उत्तर प्रदेश सरकार ने 1991 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी राजीव कृष्णा को राज्य का नया पुलिस महानिदेशक (DGP) नियुक्त किया है। वह वर्तमान में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के अध्यक्ष और निदेशक विजिलेंस के पद पर तैनात हैं। राजीव कृष्णा को 11 वरिष्ठ अधिकारियों को सुपरसीड करते हुए यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।


नए डीजीपी की नियुक्ति की घोषणा देर शाम की गई। इससे पहले डीजीपी प्रशांत कुमार के सेवा विस्तार की संभावनाओं पर विराम लग गया था।

राजीव कृष्णा मूल रूप से गौतमबुद्धनगर के निवासी हैं और उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग में डिग्री प्राप्त की है। उनकी उल्लेखनीय सेवाओं के लिए उन्हें दो बार राष्ट्रपति गैलेंट्री अवार्ड से सम्मानित किया जा चुका है। सेवानिवृत्ति में अभी चार वर्ष और एक माह का समय शेष होने के कारण, वह लंबे समय तक प्रदेश के शीर्ष पुलिस पद पर बने रह सकते हैं।

लंबा अनुभव, बड़ी जिम्मेदारियां

राजीव कृष्णा ने लखनऊ, मथुरा, इटावा, आगरा और नोएडा जैसे प्रमुख जिलों में बतौर कप्तान अपनी सेवाएं दी हैं। इटावा में तैनाती के दौरान उन्होंने दस्यु गिरोहों के सफाए में निर्णायक भूमिका निभाई थी। इसके अतिरिक्त वह लखनऊ में एडीजी जोन, और बीएसएफ में आईजी ऑपरेशन के रूप में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर भी रह चुके हैं।

उत्तर प्रदेश में एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) के गठन में भी उनकी महत्त्वपूर्ण भूमिका रही है।

वरिष्ठ अधिकारियों को किया गया सुपरसीड

राजीव कृष्णा को जिन वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों को सुपरसीड कर डीजीपी नियुक्त किया गया है, उनमें 1989 बैच के शफी अहसान रिजवी, आशीष गुप्ता, आदित्य मिश्रा, 1990 बैच के संदीप सालुंके, दलजीत सिंह चौधरी, रेणुका मिश्रा, बिजय कुमार मौर्य, एमके बशाल, तिलोत्तमा वर्मा और 1991 बैच के आलोक शर्मा एवं पीयूष आनंद शामिल हैं।

राजीव कृष्णा की पत्नी मीनाक्षी सिंह वरिष्ठ आईआरएस अधिकारी हैं और इस समय लखनऊ स्थित आयकर विभाग मुख्यालय में तैनात हैं।

Exit mobile version