
हरिद्वार:(जीशान मलिक) राजाजी टाइगर रिजर्व की प्रसिद्ध चीला रेंज में पर्यटक सीजन का विधिवत शुभारंभ हो गया है। नगर पालिका परिषद शिवालिक नगर के अध्यक्ष राजीव शर्मा ने चीला रेंज के मुख्य गेट पर पूजा-अर्चना कर एवं रिबन काटकर सीजन का उद्घाटन किया।इस अवसर पर शर्मा ने कहा कि राजाजी टाइगर रिजर्व उत्तराखंड की प्राकृतिक धरोहर है। चीला रेंज अपनी प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध वन्यजीव संपदा और रोमांचक जंगल सफारी के लिए देश-विदेश में जानी जाती है।उन्होंने कहा कि पर्यटक सीजन शुरू होने से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलेगी, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
शर्मा ने पर्यटकों से अपील करते हुए कहा कि जंगल सफारी का आनंद लेने के साथ-साथ वन एवं पर्यावरण की स्वच्छता और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। प्रकृति का संरक्षण ही हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।कार्यक्रम में वार्डन विजय सैनी, रेंजर अचल सिंह गौतम सहित वन विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में पर्यटक मौजूद रहे। सीजन के पहले ही दिन देश-विदेश से पहुंचे पर्यटकों ने जंगल सफारी का आनंद लिया।चीला रेंज अब एक बार फिर पर्यटकों के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है।

