Site icon Bhagwa Sanatan Times

रविदास घाट पर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन, सैकड़ों लोगों ने किया योगाभ्यास  

रूड़की:(जीशान मलिक) 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सेवासेतु फाउंडेशन एवं योगा एंड मेडिटेशन के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को रविदास घाट पर भव्य योग एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। सुबह 6 बजे से शुरू हुए कार्यक्रम में शहर के सैकड़ों योग प्रेमियों, समाजसेवियों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक योगाभ्यास से हुआ। योगा एंड मेडिटेशन के प्रशिक्षकों ने विभिन्न योगासनों, सूर्य नमस्कार एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। प्रशिक्षकों ने योग के शारीरिक और मानसिक लाभों पर प्रकाश डालते हुए इसे दैनिक दिनचर्या में शामिल करने की अपील की। इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों को सेवासेतु फाउंडेशन की ओर से प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

समारोह के मुख्य आकर्षण के रूप मे योगा एंड मेडिटेशन के संस्थापक शुभम चौधरी को योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए मुख्य अतिथि संजय वत्स द्वारा शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। संजय वत्स ने कहा कि शुभम चौधरी पिछले कई वर्षों से निःशुल्क योग शिविरों के माध्यम से समाज को स्वस्थ जीवन शैली के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

इस मौके पर सेवासेतु फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. आशीष कुमार ने कहा कि योग भारत की प्राचीन धरोहर है और इसे घर-घर तक पहुंचाना हमारा कर्तव्य है। सचिव डॉ. निधि ने स्वास्थ्य जागरूकता पर जोर देते हुए कहा कि नियमित योग से कई बीमारियों से बचा जा सकता है।

कार्यक्रम में फाउंडेशन के सदस्य दीपक कुमार, स्वयंसेवी तरुण सैनी, अंशिका चौहान, अंश सैनी, दीपक, अभय सहित बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने हाथ उठाकर स्वस्थ, निरोग एवं सकारात्मक समाज के निर्माण हेतु नियमित योग करने का संकल्प लिया।

Exit mobile version