Site icon Bhagwa Sanatan Times

मेधावी छात्रों का सम्मान, लक्ष्य तय कर निरंतर प्रयास से ही मिलती है सफलता : एडीएम वैभव गुप्ता

हरिद्वार:(चीफ एडिटर) जीवन में सफलता हासिल करने के लिए स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करना आवश्यक है। यदि विद्यार्थी पूरी लगन और ईमानदारी से अपने लक्ष्य की ओर बढ़ते हैं तो सफलता निश्चित रूप से उनके कदम चूमती है। यह विचार अपर जिलाधिकारी (हरिद्वार) वैभव गुप्ता ने चेतन ज्योति आश्रम के सभागार में सामाजिक संस्था ‘सुप्रयास’ द्वारा आयोजित मेधावी छात्र-छात्रा सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।उन्होंने कहा कि समाज जब प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को आगे बढ़ने का अवसर देता है तो वे अपनी क्षमता के बल पर देश और समाज का नाम रोशन करते हैं। आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए पिछले दो दशकों से अधिक समय से कार्य कर रही संस्था ‘सुप्रयास’ के प्रयासों की उन्होंने सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सामाजिक कार्य समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एस.एम.जे.एन. (पी.जी.) कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सुनील कुमार बत्रा ने कहा कि संस्था द्वारा किया जा रहा कार्य अत्यंत सराहनीय और प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि आज सम्मानित हो रहे विद्यार्थियों में ही भविष्य के वैज्ञानिक, चिकित्सक, प्रशासक, राजनेता और समाजसेवी तैयार होंगे, जो देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने संस्था के संस्थापक महामंत्री डॉ. सत्यनारायण शर्मा के निस्वार्थ सेवा भाव की प्रशंसा करते हुए युवाओं से उनके कार्यों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

 

संस्था के संस्थापक महामंत्री एवं पूर्व सभासद डॉ. सत्यनारायण शर्मा ने बताया कि संस्था की शुरुआत केवल चार बच्चों के साथ हुई थी और आज यह 35 जरूरतमंद एवं मेधावी बच्चों को शिक्षा और मार्गदर्शन उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि संस्था “प्रयास आपका, सहयोग हमारा” के मूल मंत्र के साथ लगातार समाजहित में कार्य कर रही है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए संस्था के अध्यक्ष राजेंद्र नाथ गोस्वामी (एडवोकेट) ने कहा कि संस्था का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए आवश्यक सहयोग, मार्गदर्शन और संसाधन उपलब्ध कराना है।इस आयोजित कार्यक्रम का संचालन बिनु बलूनीने किया।

इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता ब्रजभूषण विद्यार्थी, दिनेश शर्मा, चंद्रशेखर कौशिक, मुकेश वार्ष्णेय, रतन मणि डोभाल, संदीप शास्त्री, दिनेश जोशी, कुलभूषण शर्मा, नीरज ममगाई, अनुभव, कौशल मित्तल, सीए सारस्वत मित्तल, डॉ. श्वेता खंडूरी, इला शर्मा, हर्ष कालरा सहित बड़ी संख्या में अभिभावक, छात्र-छात्राएं एवं नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Exit mobile version