Site icon Bhagwa Sanatan Times

मुख्यमंत्री के सामने हुआ AI ऐप और पोर्टल का प्रदर्शन, अब AI से मिलेगी सरकारी योजनाओं की जानकारी

हरिद्वार:(जीशान मलिक) मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण के सभागार में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित मोबाइल ऐप एवं पोर्टल का प्रदर्शन किया गया।इस दौरान जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से ऐप और पोर्टल की विशेषताओं और उपयोगिता की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस ऐप के माध्यम से सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग की जाएगी। स्वच्छता, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति और क्रियान्वयन पर नजर रखी जा सकेगी।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि आधुनिक तकनीक और AI का उपयोग शासन व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, प्रभावी और जनसुलभ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस ऐप के माध्यम से सरकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक सरल, सुलभ और त्वरित रूप से पहुंचेगी, जिससे लोगों को योजनाओं की जानकारी लेने और उनका लाभ उठाने में आसानी होगी।उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि आधुनिक तकनीक का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने आगामी कुंभ मेले की तैयारियों की भी समीक्षा की। मेलाधिकारी सोनिका ने कुंभ के दृष्टिगत संचालित विभिन्न विकास कार्यों, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और आयोजन की तैयारियों की प्रगति से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।इस अवसर पर आईजी मेला योगेंद्र सिंह रावत, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर, मुख्य नगर आयुक्त हरिद्वार नंदन कुमार, मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्र, एसएसपी मेला आयुष अग्रवाल, सचिव हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण प्रत्यूष सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version