Site icon Bhagwa Sanatan Times

मरगूबपुर कॉलेज में एबीवीपी छात्रसंघ का बड़ा फैसला: सम्मान समारोह रद्द, निधि से लगेगा वाटर कूलर 

हरिद्वार:(जीशान मलिक) राजकीय महाविद्यालय मरगूबपुर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद एबीवीपी छात्रसंघ ने छात्रहित में ऐतिहासिक फैसला लिया है। छात्रसंघ अध्यक्ष अब्दुल्ला, सचिव मौ. शाबान, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि मोहम्मद उमर और एबीवीपी छात्र नेता लुकमान ने सम्मान समारोह न कराने का निर्णय लिया है।

छात्र नेताओं ने तय किया है कि छात्रसंघ एवं अभिभावक संघ की निधि का उपयोग औपचारिक कार्यक्रमों की बजाय छात्र-छात्राओं की मूलभूत सुविधाओं पर किया जाएगा। इसी क्रम में निधि से महाविद्यालय परिसर में नया वाटर कूलर और फिल्टर लगवाया जाएगा।

वर्तमान में कॉलेज में लगा वाटर कूलर खराब है और उससे शुद्ध पानी नहीं मिल रहा था। इससे छात्र-छात्राओं को काफी परेशानी हो रही थी। छात्रसंघ का मानना है कि विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को देखते हुए स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था जरूरी है। छात्र नेता लुकमान ने कहा कि पुरस्कार वितरण समारोह, छात्र अभिनंदन और वार्षिकोत्सव के लिए आवंटित निधि को लेकर भी प्राचार्य से बात की जाएगी। इन कार्यक्रमों की निधि का पैसा भी छात्रहित में खर्च किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि पुरस्कार वितरण की जगह छात्र-छात्राओं के लिए कुर्सियों की व्यवस्था करने की मांग रखी जाएगी। छात्रसंघ और अभिभावक संघ की सभी निधियों का सही उपयोग किया जाएगा ताकि छात्रों को पूरी सुविधाएं मिल सकें।छात्र नेताओं के इस फैसले की कॉलेज में सराहना हो रही है।

Exit mobile version