Site icon Bhagwa Sanatan Times

बेटियों के सपनों को मिलेगी उड़ान, नंदा गौरा योजना में ऑनलाइन आवेदन शुरू

देहरादून:(जीशान मलिक) बेटियों को शिक्षा और बेहतर भविष्य के लिए आर्थिक संबल देने वाली नंदा गौरा योजना के वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग ने पात्र लाभार्थियों और अभिभावकों से निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है।विभाग की ओर से जारी आदेश के मुताबिक योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में जन्म लेने वाली पात्र बालिकाओं के आवेदन उनके अभिभावक ऑनलाइन कर सकेंगे। जन्म के आधार पर किए जाने वाले आवेदन के लिए पोर्टल लगातार खुला रहेगा, लेकिन नियमानुसार बालिका के जन्म के छह माह के भीतर आवेदन करना अनिवार्य है।

वहीं,कक्षा 12वीं उत्तीर्ण कर स्नातक अथवा राजकीय मान्यता प्राप्त शिक्षण संस्थान में कम से कम एक वर्षीय डिप्लोमा पाठ्यक्रम में प्रवेश लेने वाली पात्र बालिकाएं भी योजना के लिए आवेदन कर सकेंगी। इस श्रेणी में आवेदन की अंतिम तिथि30 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है।

पात्र लाभार्थी नंदा गौरा योजना के आधिकारिक ऑनलाइन पोर्टल [www.nandagaurauk.in](http://www.nandagaurauk.in) पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। विभाग ने जिला स्तर के अधिकारियों को योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा पात्र लाभार्थियों तक इसकी जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग ने सभी जिला कार्यक्रम अधिकारियों, मुख्य विकास अधिकारियों और बाल विकास परियोजना अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अपने-अपने क्षेत्रों में योजना की जानकारी अधिक से अधिक पात्र परिवारों तक पहुंचाई जाए। विभाग का उद्देश्य है कि पात्र बालिकाएं आवेदन से वंचित न रहें और उन्हें योजना का लाभ समय पर मिल सके।

Exit mobile version